छिंदवाड़ा: आधुनिक कृषि तकनीक का प्रचार कर रहा कृषि रथ
कृषि अधिकारी और प्रगतिशील किसान दे रहे जानकारी
06 फरवरी 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: आधुनिक कृषि तकनीक का प्रचार कर रहा कृषि रथ – वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया गया है। मध्यप्रदेश शासन इस उपलक्ष्य में कृषि एवं कृषि से संबंद्ध विषयों पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन, सहकारिता आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कायम कर नवीन एवं वैज्ञानिकी तकनीकी सुधार की जानकारी कृषकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। इसी इसी श्रृंखला में आज भवानी एवं महलारी ग्राम में कृषक रथ का आगमन हुआ।
इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा कृषक रथ का जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री बी.एल.सरयाम ने बताया कि कृषि रथ के साथ भ्रमण करते हुए तकनीकी एवं योजनाओं की जानकारी किसानों को उपलब्ध करा रहे हैं। मुख्य रूप से जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों का विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का प्रचार-प्रसार, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना, विभागीय कृषि योजनाओं का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था, पराली प्रबंधन के विषय में जानकारी दी जा रही है।
प्रगतिशील कृषक राजेश धारे ने प्राकृतिक खेती में अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि प्राकृतिक कृषि वर्तमान समय में मानव जाति के अस्तित्व को बचाने के लिये अत्यंत आवश्यक है। क्योंकि जीवन जीने के लिए जहर मुक्त भोजन की आवश्यकता है। वर्तमान में ज्यादा उत्पादन की होड़ में किसान आवश्यकता से अधिक रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग कर रहे हैं। साथ ही अपनी भूमि को भी बंजर बनाने का कार्य कर रहे हैं। प्राकृतिक कृषि से भूमि की उर्वरक क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। सतत विकास लक्ष्य को प्राप्त करने में भी प्राकृतिक कृषि सहयोगी है। ग्राम मेहलारी के जैविक कृषि को एफएसए जैविक प्रमाणीकरण एवं एनपीओपी जैविक प्रमाणीकरण के बारे में जानकारी देते हुए श्री धारे ने कहा कि जैविक खेती करने के साथ ही हमें अपने खेत का प्रमाणीकरण अवश्य लेना चाहिए, जिससे कि हम बाजार में अपने उत्पादों को अच्छे मूल्य पर बेच सकें। उद्यानिकी विभाग के श्री ओम नारायण वर्मा ने सब्जी विस्तार कार्यक्रम एवं मसाला विस्तार कार्यक्रम, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर में मिलने वाली सब्सिडियों के बारे में ग्रामीणों को सूचना दी।
इसी तारतम्य में रथ का आगमन ग्राम पंचायत टेमनी खुर्द में हुआ जहां वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री के.डी.गोनेकर ने ई-टोकन द्वारा उर्वरक वितरण प्रणाली की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। साथ ही पराली जलाने से होने वाले नुकसान पर चर्चा की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच श्री राय सिंह सरयाम, मध्यप्रदेश जन अभियान की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति से अनिल, जैविक कृषक श्री काशीराम टेकाम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पूनम टेकाम एवं किसान सम्मिलित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


