राज्य कृषि समाचार (State News)

छतरपुर: स्मार्ट फिश पार्लर से बढ़ रही मछुआरों की आय

13 जून 2026, छतरपुर: छतरपुर: स्मार्ट फिश पार्लर से बढ़ रही मछुआरों की आय – कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिले में मत्स्य पालन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा मछुआ समुदाय को बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के अंतर्गत निर्मित स्मार्ट फिश पार्लर आज स्थानीय हितग्राहियों के लिए आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

स्मार्ट फिश पार्लर ने बदली आकाश खटीक की तस्वीर –  नगर पालिका बड़ामलहरा द्वारा वार्ड क्रमांक 8 निवासी आकाश खटीक को स्मार्ट फिश पार्लर किराये पर आवंटित किया गया है। पार्लर के माध्यम से वे मत्स्य विक्रय का व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। वर्तमान में वे प्रत्येक सप्ताह लगभग 50 से 70 किलोग्राम मछली का विक्रय करते हैं। आकाश खटीक थोक बाजार से 100 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मछली क्रय कर स्मार्ट फिश पार्लर के माध्यम से 150 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय करते हैं, जिससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 500 से 700 रुपये तक का लाभ प्राप्त हो रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और उन्हें स्वरोजगार का स्थायी माध्यम मिला है।

उपभोक्ताओं को मिल रही स्वच्छ और ताजी मछली –  स्मार्ट फिश पार्लर के संचालन से बड़ामलहरा क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं ताजी मछली उपलब्ध हो रही है। पार्लर में मछली के सुरक्षित भंडारण एवं आकर्षक प्रदर्शन के लिए डीप फ्रीजर, डिस्प्ले काउंटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा कटर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मत्स्य विभाग का सतत मार्गदर्शन –  सहायक संचालक, मत्स्य पालन विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के अंतर्गत प्रत्येक स्मार्ट फिश पार्लर के निर्माण हेतु 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। विभागीय अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को नियमित रूप से मार्गदर्शन दिया जा रहा है तथा पार्लर के प्रतिदिन संचालन के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे व्यवसाय और अधिक सशक्त हो सके।

रोजगार के साथ बढ़ रहा मत्स्य व्यवसाय – कलेक्टर पार्थ जैसवाल के मार्गदर्शन में संचालित यह पहल जिले में मत्स्य व्यवसाय को नई दिशा दे रही है। स्मार्ट फिश पार्लर न केवल मछुआरों और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं, बल्कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण मत्स्य उत्पाद उपलब्ध कराकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बना रहे हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements