राज्य कृषि समाचार (State News)

बेगमगंज के किसान ओमप्रकाश ने पारंपरिक खेती छोड़ उगाए टमाटर, महज डेढ़ एकड़ में की 6 लाख की बंपर कमाई

16 फरवरी 2026, रायसेन: बेगमगंज के किसान ओमप्रकाश ने पारंपरिक खेती छोड़ उगाए टमाटर, महज डेढ़ एकड़ में की 6 लाख की बंपर कमाई – रायसेन जिले के बेगमगंज विकासखण्ड के ग्राम भुरेरू के किसान ओमप्रकाश कुशवाह ने पारम्परिक खेती से हटकर उद्यानिकी फसल को अपनाया और कम समय में अधिक मुनाफा कमाकर क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बने हैं। प्रगतिशील किसान ओमप्रकाश कुशवाह ने उद्यानिकी विभाग की योजना का लाभ लेकर डेढ़ एकड़ जमीन में टमाटर की खेती की! जिसमें उन्नत किस्म के बीज, मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई तकनीक का उपयोग किया। टमाटर की खेती से ओमप्रकाश कुशवाह को लगभग चार से पांच लाख रू का लाभ हुआ। 

किसान ओमप्रकाश कुशवाह ने बताया कि पहले वह गेहूॅ, सोयाबीन जैसी पारम्परिक फसलों की खेती करते थे, जिसमें दस से पन्द्रह क्विटंल प्रति एकड़ का ही उत्पादन होता था और बहुत लाभ भी बहुत होता था। वह खेती में कुछ अलग करना चाहते थे, जिसमें कम लागत में अधिक मुनाफा हो। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के उद्यान विस्तार अधिकारी अमाशंकर कुशवाह से सम्पर्क किया और विभाग की योजनाओं तथा उद्यानिकी फसलों की जानकारी ली। 

इसके बाद उन्होंने टमाटर की खेती करने का निर्णय लिया तथा डेढ़ एकड़ जमीन पर टमाटर की फसल उन्नत तकनीक मल्चिंग और ड्रिप द्वारा लगाई। ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने टमाटर की खेती में उन्नत बीज और तकनीक का उपयोग किया तथा अच्छी तरह से देखभाल की। जिसके कारण उनकी फसल बहुत अच्छी हुई और उन्हें लगभग 350 क्विंटल टमाटर का उत्पादन मिला। जिसे मंडी में बेचने से उन्हें लगभग 06 लाख रू की आय हुई। 

इसमें लागत के लगभग डेढ़ लाख रू निकालने के बाद साढ़े चार लाख रू का लाभ हुआ। वह परिवार के साथ काफी समय से खेती कर रहे हैं लेकिन इतना लाभ कभी नहीं हुआ। इसके लिए वह प्रदेश सरकार के मुखिया डॉ मोहन यादव तथा उद्यानिकी विभाग को धन्यवाद देते हुए कहते हैं, सरकार द्वारा किसानों के हित में, उनकी आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनका लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब वह टमाटर के साथ अन्य सब्जियों की खेती भी कर रहे हैं। ओमप्रकाश ने किसानों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है कि खेती में मेहनत और उन्नत तकनीक का सही उपयोग करके अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements