बालाघाट में प्रदेश में सर्वाधिक 9081 पशुपालकों के आधार अपडेट हुए
12 जून 2026, बालाघाट: बालाघाट में प्रदेश में सर्वाधिक 9081 पशुपालकों के आधार अपडेट हुए – भारत सरकार की महत्वाकांक्षी SASCI (Special Assistance to States for Capital Investment) योजना के अंतर्गत आधार अद्यतन अभियान में मध्यप्रदेश का बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। जिले में कुल 9081 आधार कार्ड अपडेट किए गए हैं, जो प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाधिक हैं। इस उपलब्धि के साथ बालाघाट ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
SASCI योजना के अंतर्गत राज्य सरकारों को आधारभूत संरचना विकास एवं विभिन्न जनहितकारी पहलों के लिए 50 वर्ष की अवधि का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके लिए हितग्राहियों के आधार विवरण का अद्यतन होना अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है, जिससे लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित की जा सके।
प्रदेश स्तर पर सर्वाधिक आधार अद्यतन करने वाले शीर्ष 10 जिलों में बालाघाट के बाद बैतूल, खरगोन, खंडवा, मंडला, नर्मदापुरम, सीहोर, नरसिंहपुर, उज्जैन एवं जबलपुर शामिल हैं। इनमें बालाघाट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
बालाघाट जिले की इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय कलेक्टर श्री मृणाल मीना के कुशल नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन एवं नियमित समीक्षा को जाता है। उनके निर्देशन में आधार अद्यतन कार्य को अभियान के रूप में संचालित किया गया तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में विभागीय अमले ने लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास किए। वहीं उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. घनश्याम परते के नेतृत्व में पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, पशु चिकित्सकों एवं समस्त मैदानी अमले ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशुपालकों को विभिन्न सेवाएं प्रदान करते समय आधार अद्यतन कार्य को भी प्राथमिकता दी गई। विभागीय अमले ने खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) टीकाकरण, मादा पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, पशु बीमा, पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हितग्राहियों की ऑनलाइन प्रविष्टियां करने के दौरान पशुपालकों के आधार अद्यतन का व्यापक अभियान चलाया। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में आधार अपडेट किए गए और बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहा।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रशासनिक प्रतिबद्धता, प्रभावी मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय और मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से जनकल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है। बालाघाट जिले की यह सफलता प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

