बालाघाट: खेत तालाब से किसान दुर्योधन की बदली तकदीर
24 फरवरी 2026, बालाघाट: बालाघाट: खेत तालाब से किसान दुर्योधन की बदली तकदीर – बालाघाट जिला अंतर्गत जनपद पंचायत बिरसा की ग्राम पंचायत जगला में मनरेगा योजना के तहत निर्मित खेत तालाब ने एक किसान के जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। ग्राम जगला, जो कान्हा नेशनल पार्क के समीप स्थित है, वहां के हितग्राही श्री दुर्योधन पिता जियालाल का परिवार कृषि पर निर्भर है। लगभग 3.5 एकड़ भूमि वाले इस परिवार की आजीविका पहले पूरी तरह वर्षा पर आधारित थी।वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा के अंतर्गत ‘खेत तालाब निर्माण कार्य’ स्वीकृत हुआ, जिसकी कुल लागत 3 लाख 84 हजार रुपये रही।
ग्राम पंचायत के माध्यम से तकनीकी निगरानी में तालाब का निर्माण कराया गया, जिससे ग्रामीणों को रोजगार भी प्राप्त हुआ। तालाब निर्माण के बाद खेतों में सिंचाई की स्थायी व्यवस्था बन गई। अब किसान गेहूं, सरसों और चना जैसी फसलों की खेती कर रहे हैं। तालाब में वर्षभर लगभग 8 फीट पानी भरा रहता है, जिससे आसपास की भूमि की भी सिंचाई हो रही है। इसके साथ ही तालाब में मछली पालन शुरू किया गया है, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
पर्याप्त सिंचाई सुविधा के कारण फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। हितग्राही श्री दुर्योधन ने शासन-प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनरेगा जैसी योजनाएं ग्रामीण किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह खेत तालाब योजना न केवल जल संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि ग्राम जगला के किसानों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की यह कहानी क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

