बुरहानपुर में होगी एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
16 फरवरी 2026, बुरहानपुर: बुरहानपुर में होगी एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश का चहुंमुखी विकास ही सरकार का एकमात्र लक्ष्य है। आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में हर नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबको साथ और विश्वास में लेकर हम ऐसे नये मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे, जहां विकास केवल अवसर नहीं, यहां के हरेक नागरिक का अधिकार होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बुरहानपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से 696 करोड़ 37 लाख रुपये लागत के 80 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर बुरहानपुर जिले के समग्र विकास को नई गति दी। उन्होंने कहा कि आज जिन कार्यों की सौगातें मिली हैं, ये जिले को आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुरहानपुर का विकास हमारी प्राथमिकता में है। हमने इस जिले को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है, जिले की जनता की भागीदारी से हम इसे सिद्ध करेंगे, आने वाला समय इसका साक्षी बनेगा।मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों की 2 वर्ष की उपलब्धियों और भावी विकास योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ कर विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं – मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। उन्होंने बुरहानपुर में केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भण्डारण एवं प्रसंस्करण के लिए इकाई स्थापित करने, बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नगर परिषद शाहपुर का परीक्षण उपरांत नगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा। बुरहानपुर में वारकरी समुदाय का कीर्तन केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉर्टीकल्चर सब्जेक्ट अब प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पढ़ाया जाएगा। उन्होंने खामनी से दही हांडी तक खामनी से रायगांव एवं शाहपुर से सुखपुरी तक सड़क बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुरहानपुर में युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रारंभ किए जाएंगे। राज्य सरकार बुरहानपुर सहकारी सूत मिल श्रमिकों के बकाया भुगतान करेगी और यहां नए उद्योग-धंधे भी स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि से लेकर कपड़ा निर्माण तक, दवा से लेकर फर्नीचर उद्योग तक, पाइप निर्माण से लेकर कृषि उपकरण निर्माण तक बुरहानपुर का जवाब नहीं। यह जिला पावरलूम उद्योग का प्रमुख केन्द्र है और कपड़ा उत्पादन के कारण ‘बुनकरों के शहर’ के रूप में बुरहानपुर के नाम से विख्यात है। उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग की बढ़ती मांग के कारण यहां कपास की खेती भी बड़े पैमाने पर की जाती है। यह खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ उद्योगों को भी मजबूती देती है। यहां का केला उत्पादन, फसल विविधता और परिश्रमी किसान, यही हमारे कृषक कल्याण वर्ष की असली ताकत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केला और कपास जैसे प्रमुख उत्पादों के लिए प्रोसेसिंग, भंडारण और निर्यात सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा।
ताप्ती ग्राउंड वाटर मेगा रिचार्ज परियोजना से लहलहाएगी बुरहानपुर की धरती – मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां ताप्ती और नर्मदा मैया के आशीर्वाद से मालवा-निमाड़ का पूरा क्षेत्र आनंदित है। प्रदेश में सरदार सरोवर जैसे बांध बनाने की श्रृंखला शुरू हुई है। हमारे किसान ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मध्यप्रदेश के किसान नदी जोड़ो अभियान से लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का निरन्तर विस्तार हो रहा है। ताप्ती ग्राउंड वॉटर मेगा रिचार्ज परियोजना पूरी होने के बाद बुरहानपुर की धरती और भी लहलहाएगी। उन्होंने कहा कि धार में देश का पहला “पीएम मित्र पार्क” निर्मित हो रहा है, इससे कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। बुरहानपुर में कपास और केला फसल आधारित प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किए जाएंगे।
जल संसाधन एवं बुरहानपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। इसकी सौगातों की शुरुआत बुरहानपुर से हो रही है। यहां 922.51 करोड़ रुपए की बड़ी सिंचाई परियोजना से 17700 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिलेगी। नावथा सिंचाई परियोजना में 1673 करोड़ रुपए से अधिक लागत से निर्मित सिंचाई सुविधाओं का लाभ 22 हजार किसान परिवारों को मिलेगा। पिछले 2 वर्षों के प्रयासों से बुरहानपुर में कुल 85133 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी।
खण्डवा सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि बुरहानपुर में 15 हजार हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास मिले हैं। जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को नल से जल, नि:शुल्क राशन और आवास की सुविधा मिल रही है। विधायक बुरहानपुर एवं पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में बुरहानपुर हर क्षेत्र में विकास के पथ पर अग्रसर है। डॉ. यादव ने बुरहानपुर जिले के समग्र विकास के लिए कैबिनेट में 1673 करोड़ रुप्ए की सिंचाई परियोजना स्वीकृत की है। बुरहानपुर को ताप्ती ग्राउंड वॉटर मेगा रिचार्ज परियोजना की सौगात मिल रही है। कार्यक्रम में विधायक नेपानगर सुश्री मंजू राजेंद्र दादू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम झुनकरु मार्को, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, बुरहानपुर की महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, श्री क्षितिज पटेल, डॉ. मनोज माने सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

