Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में एग्री कार्निवाल-2024 का आगाज़: आधुनिक कृषि तकनीकों और निर्यात पर विशेष जोर

27 अक्टूबर 2024, रायपुर: छत्तीसगढ़ में एग्री कार्निवाल-2024 का आगाज़: आधुनिक कृषि तकनीकों और निर्यात पर विशेष जोर – छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम उठाते हुए एग्री कार्निवाल-2024 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस चार दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में किसानों की भूमिका अहम है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को धान की खेती के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और उद्यानिकी फसलों की खेती से जुड़कर अतिरिक्त आय कमाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी और बोनस देने के प्रयास किए हैं, जिससे पिछले वर्षों में किसानों के खातों में लगभग 49 हजार करोड़ रुपये का हस्तांतरण किया गया है।

इस बार 14 नवंबर से धान की खरीदी की तैयारी के साथ, अच्छी फसल के अनुमान के चलते सरकार ने बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी वादा किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के लिए अनुकूल नीतियों और नई तकनीकों की मदद से कृषि में उन्नति लाना सरकार का प्राथमिक लक्ष्य है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

कृषि में स्वरोजगार और आधुनिक तकनीकों की ओर बढ़ते कदम

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए फसल चक्र परिवर्तन, पैकेजिंग और मार्केटिंग के उपायों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि फसल चक्र अपनाकर और उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

तकनीकी विकास और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से कार्यशालाएं

एग्री कार्निवाल के तहत इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने ‘‘आधुनिक पादप प्रजनन तकनीक और डेटा एनालिसिस’’ पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। इसमें अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा स्पीड ब्रीडिंग और मॉर्डन राइस ब्रीडिंग तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों से आए 211 वैज्ञानिक और अनुसंधानकर्ता भी हिस्सा ले रहे हैं।

इस दौरान ‘‘छत्तीसगढ़ से कृषि उत्पादों के निर्यात’’ पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें लगभग 400 उन्नतशील किसान, युवा उद्यमी और विद्यार्थी शामिल हुए। जैव विविधता पर आधारित कार्यशाला और प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है।

कृषि क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर

एग्री कार्निवाल के पहले दिन 6 किसानों को मसूर की नई किस्म के मिनी किट दिए गए, वहीं कृषि स्नातकों को विभिन्न कंपनियों से जॉब ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कॉफी टेबल बुक ‘‘अग्रसर’’ का विमोचन किया गया और कृषि स्टार्टअप के युवा उद्यमियों को अनुदान राशि के चेक भी वितरित किए गए।

एग्री कार्निवाल में हजारों किसानों की भागीदारी

इस चार दिवसीय मेले में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 4,000 किसान और 1,000 विद्यार्थी विभिन्न कृषि तकनीकों और उपकरणों का अनुभव ले रहे हैं। एग्री कार्निवाल-2024 के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि किसान आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपनी कृषि पद्धतियों को सुधारें और आत्मनिर्भर बनें।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com