Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

खरीफ 2023 में उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु अग्रिम भण्डारण योजना प्रारंभ  

10 अप्रैल 2023, झाबुआ: खरीफ 2023 में उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु अग्रिम भण्डारण योजना प्रारंभ – राज्य शासन द्वारा खरीफ 2023 में उर्वरकों की आवश्यकता की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कृषकों को पर्याप्त एवं समयावधि में सुगमता से उर्वरक उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खरीफ मौसम 2023 में 01 मार्च 2023 से 31 मई 2023 तक अग्रिम भण्डारण योजना प्रारंभ की गई है। राज्य शासन द्वारा दिये निर्देशों के परिपालन में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, उपायुक्त सहकारिता एवं जिला विपणन अधिकारी द्वारा सहकारी समितियों में उर्वरकों का भण्डारण किया जा कर जिले के कृषकों को अग्रिम उठाव हेतु मैदानी अमलों के द्वारा कृषकों को सूचना प्रसारित की जा रही है।

झाबुआ जिले में शासन की इस प्रचलित योजनान्तर्गत विपणन संघ में यूरिया 1596 मे.टन, डी.ए.पी. 2796 मे.टन, कॉम्पलेक्स 1232 मे.टन तथा पोटाश 91 मे.टन भण्डारित किया जा कर सहकारी समितियों के माध्यम से जिले के कृषकों को वितरण कार्य प्रगतिशील है। नवागत कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा ने उर्वरक अग्रिम भण्डारण की समीक्षा की और उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, उपायुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं जिला विपणन अधिकारी को सहकारी समितियों में पर्याप्त उर्वरक भण्डारण करवा कर कृषकों को सुलभता से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं ।

उप संचालक कृषि श्री एन.एस. रावत ने बताया कि जिला कलेक्टर के द्वारा दिये निर्देशों के परिपालन कर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, उपायुक्त सहकारिता एवं जिला विपणन अधिकारी द्वारा सहकारी समितियो में उर्वरकों का भण्डारण किया जा रहा है। अग्रिम भण्डारण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में भण्डारण क्षमता एक महत्वपूर्ण घटक है, सहकारी समितियों के पास कम भण्डारण क्षमता उपलब्ध होने की स्थिति में समितियों द्वारा किराये पर गोदाम लेकर उर्वरक का भण्डारण करवाये जाने के निर्देश भी शासन द्वारा दिए गए हैं। कृषक भाईयों से अपील है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप उक्त समयावधि में नज़दीकी उर्वरक वितरण केन्द्र से उर्वरक का उठाव करें। जिन किसानों ने अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाएं हैं, वे शीघ्र ही के.सी.सी. बनवाकर इस योजना का लाभ लेवें ।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें