भोपाल में 30 जनवरी को राज्य स्तरीय पुष्प महोत्सव – व्यावसायिक पुष्प खेती को मिलेगा बढ़ावा
29 जनवरी 2026, भोपाल: भोपाल में 30 जनवरी को राज्य स्तरीय पुष्प महोत्सव – व्यावसायिक पुष्प खेती को मिलेगा बढ़ावा – मध्य प्रदेश में फूलों की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा कृषकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से 30 जनवरी को राजधानी भोपाल स्थित शासकीय गुलाब उद्यान में राज्य स्तरीय पुष्प महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा किया जाएगा।
इस भव्य महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, वहीं उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी।
महोत्सव में प्रदेश भर के पुष्प उत्पादक किसान, पुष्प विशेषज्ञ, नर्सरी व्यवसाय से जुड़े उद्यमी तथा पुष्प उत्पादक संस्थाओं के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। आयोजन का उद्देश्य फूलों की उन्नत खेती, आधुनिक तकनीकों, विपणन व्यवस्था और प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा देना है, ताकि किसान पुष्प उत्पादन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपना सकें।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्नत किस्मों और नवाचारों का प्रदर्शन होगा। साथ ही, उन्नतशील पुष्प उत्पादक किसानों एवं पुष्प प्रसंस्करण से जुड़े उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
विदिशा जिले उघानिकीय विभाग के सहायक संचालक श्री एस.एल. सोलंकी ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया है कि जिले के सभी पुष्प उत्पादकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर तकनीकी जानकारी, नवाचार और बाजार संभावनाओं का लाभ उठाएं।
यह महोत्सव प्रदेश में पुष्प खेती को नई दिशा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और किसानों की आय सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

