Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त जारी: 1.26 करोड़ बहनों के खाते में आए ₹1500, किसानों को सोयाबीन भावांतर में राहत

13 नवंबर 2025, भोपाल: लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त जारी: 1.26 करोड़ बहनों के खाते में आए ₹1500, किसानों को सोयाबीन भावांतर में राहत – मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त का वितरण किया। सिवनी जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 1.26 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपये सीधे ट्रांसफर किए। यह राशि सीधा बैंक खाते में जमा की गई, जिससे लाभार्थियों को तुरंत फायदा हुआ।

कार्यक्रम में लाड़ली बहनों ने मंच पर आकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, उन पर फूल बरसाए और प्रतीक चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को “लाड़ली बहनों के उत्सव का दिन” करार दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का गायन भी हुआ और उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

अब बहनों को मिलेंगे हर माह 1500 रुपए

हाल ही में मध्य प्रदेश कैबिनेट ने योजना की राशि 250 रुपये बढ़ाने का फैसला किया था। अब लाड़ली बहनों को प्रति माह 1500 रुपये मिलेंगे। योजना के शुरुआत में यह राशि 1000 रुपये प्रति माह थी और सितंबर 2023 से 1250 रुपये हो गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह राशि 2028 तक 3000 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

30 किश्तों ने बदला बहनों का जीवन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए इस योजना की शुरुआत हमने जून 2023 में की थी, तब से अक्टूबर 2025 तक आपके बैंक खातों में 44 हजार 917 करोड़ 92 लाख रुपये का अंतरण कर चुके हैं। जनवरी 2024 से अक्टूबर 2025 तक 34 हजार 921 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया है। हर साल राखी के शगुन के 250 रुपये हम अलग से अपनी बहनों को देते आए हैं। आज 250 रुपए बढ़ा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। इस योजना ने बहनों को लाभार्थी से लीडर बनने की राह पर अग्रसर किया है। सहयोग के भाव से शुरू हुई लाड़ली बहना योजना सफलता के सूत्र में बदल गई है। बहनों के सपने साकार करना हमारा संकल्प हैं। आपके सुख, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हम कार्य करते रहेंगे। अब हर महीने 1500 रुपये हाथ में आएंगे, मुझे पूरा विश्वास है कि यह 1500 रुपये आपके सपनों को नए पंख लगाएंगे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

किसानों को सोयाबीन में राहत

इसी अवसर पर किसानों के लिए भी अच्छी खबर आई। मध्य प्रदेश सरकार ने सोयाबीन भावांतर योजना 2025 के तहत सोयाबीन बेचने वाले किसानों के लिए 12 नवंबर को नया मॉडल रेट 4077 रुपये प्रति क्विंटल जारी किया। यह रेट उन किसानों पर लागू होगा जिन्होंने अपनी उपज मंडियों में बेची है। इससे किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिलने में मदद मिलेगी।

पहले  7 नवंबर को मॉडल रेट ₹4020 प्रति क्विंटल था, जो अगले दिन 8 नवंबर को बढ़कर ₹4033 प्रति क्विंटल हो गया। इसके बाद 9 और 10 नवंबर को रेट ₹4036 प्रति क्विंटल पहुंचा। 11 नवंबर को इसे और बढ़ाकर ₹4056 प्रति क्विंटल किया गया। इसके बाद 12 नवंबर को रेट ₹4077 प्रति क्विंटल हो गया है। इससे किसानों को वित्तीय राहत मिलने की उम्मीद है। इस प्रकार, लाड़ली बहनों और किसानों दोनों के लिए यह दिन राहत और खुशियों का संदेश लेकर आया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture