Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

गौशालाओं के चारा-भूसा के लिये 29 करोड़ रू.

03 सितंबर 2020, भोपाल। गौशालाओं के चारा-भूसा के लिये 29 करोड़ रू. – मध्यप्रदेश गौपालन एवं पशुधन संर्वधन बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में गौशालाओं को प्रतिदिन 20 रूपये प्रति गौ के मान से राशि दी जा रही है। अप्रैल 2020 में प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं के गौवंश के चारे-भूसे के लिये 29 करोड़ 85 लाख रूपये की राशि जारी की जा चुकी है। इसके अलावा लगभग 28 करोड़ रूपये की राशि और जारी की जा रही है। गौशालाओं के गौवंश के चारा-भूसा अनुदान के लिये सरकार द्वारा किये गये बजट प्रावधान के अतिरिक्त भी यदि राशि की आवश्यकता होती है तो शासन द्वारा व्यवस्था की जाएगी।

महत्वपूर्ण खबर : उर्वरक विक्रय केंद्रों पर डिजिटल भुगतान की व्यवस्था के निर्देश

उपसंचालक राज्य गौपालन एवं पशुधन संर्वधन बोर्ड ने बताया कि मुख्यमंत्री गौसेवा योजना के तहत नवीन 1000 गौशालाओं के लिये 2 माह का चारा-भूसा अनुदान राशि 11 करोड़ 68 लाख रूपये जिला समितियों को पहले ही प्रदाय कर दी गई थी ताकि जिला प्रशासन को गौशाला संचालन प्रारंभ करवाने में कठिनाई न हो। राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री गौसेवा योजना के तहत 1000 गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से 700 गौशालाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष गौशालाएँ आगामी 2 माह में पूर्ण हो जाएंगी। उक्त 700 गौशालाओं में से 260 गौशालाओं का संचालन प्रारंभ हो चुका है, जिनमें लगभग 20 हजार गौवंश का व्यवस्थापन किया गया है। इसके अतिरिक्त 627 गौशालाएँ पहले से ही बोर्ड में पंजीकृत हैं जिनमें एक लाख 66 हजार गौवंश का पालन किया जा रहा है। वर्तमान में कुल 887 गौशालाएँ प्रदेश में संचालित हैं, जिनमें एक लाख 86 हजार गौवंश के लिये प्रतिदिन प्रति-गौवंश 20 रूपये की दर से राशि दी जा रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile