राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी होगी

8 जुलाई 2022, रायपुर: छत्तीसगढ़ में 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी होगी – आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में प्रदेश के पंजीकृत किसानों से सुगमतापूर्वक धान खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय में धान खरीदी के लिए गठित मंत्री-मण्डलीय उप समिति की बैठक खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में इस वर्ष किसानों से समर्थन मूल्य पर 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुराने बारदानों से धान खरीदी की जाएगी।  बैठक में मंत्री मंडलीय उप समिति के सदस्यगण कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, वन एवं परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर और उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल शामिल हुए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में राज्य सरकार द्वारा 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा था, जिसके विरूद्ध रिकार्ड 97.98 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। लगभग शत-प्रतिशत धान का उठाव हो गया है। मुख्यमंत्री की पहल पर धान खरीदी के साथ-साथ तेजी से कस्टम मिलिंग का कार्य भी जारी रहा। इसका सफलतापूर्वक परिणाम आया। केन्द्रीय पूल में अब तक रिकार्ड 50.72 लाख मीट्रिक टन चावल जमा कराया जा चुका है। केवल 14 लाख मीट्रिक टन चावल जमा करना ही शेष है।

बैठक में किसानों से सुगमतापूर्वक धान खरीदी के लिए बारदानों के व्यवस्था के लिए विस्तार से भी चर्चा की गई। पिछले वर्ष धान खरीदी लक्ष्य 105 लाख मीट्रिक टन के अनुरूप 5.25 लाख गठान बारदानें की जरूरत थी, आगामी खरीफ वर्ष 2022-23 में 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए 5.50 लाख गठान जूट बारदानें की जरूरत पड़ेगी।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष 24 लाख 6 हजार से अधिक किसानों ने धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया था, इस वर्ष नये किसानों का पंजीयन पिछले वर्ष की तरह ही  31 अक्टूबर तक किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

बैठक में खाद्य विभाग के सचिव श्री टोपेश्वर वर्मा, संचालक नागरिक आपूर्ति निगम श्री निरंजन दास, संचालक मार्कफेड श्रीमती किरण कौशल, राजस्व सचिव श्री नीलम एक्का सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement

महत्वपूर्ण खबर: भारी बारिश में सोयाबीन किसान क्या करें

Advertisements
Advertisement
Advertisement