मत्स्य पालन योजनाओं का लाभ लेने हेतु अजजा वर्ग से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
19 अक्टूबर 2026, छिंदवाड़ा: मत्स्य पालन योजनाओं का लाभ लेने हेतु अजजा वर्ग से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित – धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत मत्स्य विभाग की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना को शामिल किया गया है। इस योजना के तहत छिंदवाड़ा जिले के चयनित ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के ऐसे हितग्राही, जो मत्स्यपालन गतिविधियों से जुड़कर स्वरोजगार प्राप्त करना चाहते हैं, वे योजना का लाभ लेने के लिए मछली पालन विभाग छिंदवाड़ा में आवेदन कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत मिनी आरएएस, बायोफ्लॉक, पॉण्ड बायोफ्लॉक, मछली विक्रय के लिए साइकिल, मोटरसाइकिल अथवा आइस बॉक्स युक्त ऑटो रिक्शा, संवर्धन पोखर निर्माण, फिश सेलिंग कियोस्क सहित अन्य मत्स्य पालन गतिविधियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक हितग्राही 30 अक्टूबर तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को इकाई लागत की 90 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इससे जनजातीय समुदाय के लोगों को मत्स्य पालन एवं मत्स्य विक्रय के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने और अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
योजना का लाभ छिंदवाड़ा जिले के चयनित आदिवासी ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को ही दिया जाएगा। इच्छुक हितग्राही आवेदन एवं आवश्यक जानकारी के लिए मत्स्य पालन विभाग के जिला कार्यालय छिंदवाड़ा में दूरभाष क्रमांक- 9074998646 पर संपर्क कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


