केंद्र सरकार ने लॉन्च किया पशुधन बीमा पोर्टल, किसानों को बीमा नामांकन से लेकर दावा निपटान तक मिलेगी डिजिटल सुविधा
29 सितंबर 2026, नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने लॉन्च किया पशुधन बीमा पोर्टल, किसानों को बीमा नामांकन से लेकर दावा निपटान तक मिलेगी डिजिटल सुविधा – भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) ने सोमवार को पशुधन बीमा पोर्टल (https://rashtriyapashubima.dahd.gov.in) लॉन्च किया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) की पशुधन बीमा गतिविधि के तहत देश भर में पशुधन बीमा वितरण में बदलाव लाना है।
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल, पशुपालन और डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों, बीमा कंपनियों और क्षेत्रीय हितधारकों की उपस्थिति में पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके अलावा 4,000 से अधिक प्रतिभागी ऑनलाइन शामिल हुए।
इस साल 30 लाख से अधिक पशुओं का बीमा
पशुपालन और डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार ने पशुधन बीमा योजना की रूपरेखा, प्रीमियम दरों, किसानों के योगदान और योजना के अन्य पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 30 लाख से अधिक पशुओं का बीमा किया जा चुका है। राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने खेती-बाड़ी में बनी रहने वाली अनिश्चितताओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया पशुधन बीमा पोर्टल किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
पशुओं के नुकसान से किसानों को मिलेगी आर्थिक सुरक्षा
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि पशुधन लाखों ग्रामीण परिवारों के लिए आय और आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि समय पर और किफायती बीमा सुरक्षा किसानों को पशुओं की मौत, बीमारी के प्रकोप, दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं और अन्य अप्रत्याशित जोखिमों से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाती है। उन्होंने किसानों को योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। साथ ही बीमा कंपनियों, राज्य सरकारों और अन्य संबंधित भागीदारों से अपने सोशल मीडिया और आईईसी अभियानों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
पॉलिसी से लेकर दावा निपटान तक डिजिटल व्यवस्था
नया पशुधन बीमा पोर्टल पॉलिसी जारी करने, प्रीमियम प्रबंधन, दावा प्रसंस्करण, लाभार्थी सत्यापन और रियल-टाइम निगरानी के लिए एंड-टू-एंड डिजिटल व्यवस्था उपलब्ध कराएगा। यह पोर्टल किसानों, राज्य सरकारों, बीमा कंपनियों और लागू करने वाली एजेंसियों को एक पारदर्शी और तकनीक आधारित प्लेटफॉर्म पर जोड़ता है।
पोर्टल से ये सुविधाएं मिलेंगी
- पशु बीमा नामांकन को आसान और तेज बनाना
- दावे के निपटान में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना
- पॉलिसी की रियल-टाइम ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग को सक्षम बनाना
- किसानों और बीमा प्रदाताओं के लिए सुलभता और आसानी से कामकाज करने की सुविधा को बेहतर बनाना
- योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए डेटा-आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को सुदृढ़ करना
- यह पहल पशुधन क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और किसान कल्याण और ग्रामीण समृद्धि के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के सरकार के दृष्टिकोण का समर्थन करती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global

