चीनी हुई महंगी: एक महीने में ₹4 और सालभर में ₹12-13 प्रति किलो तक बढ़े दाम
05 नवंबर 2026, नई दिल्ली: चीनी हुई महंगी: एक महीने में ₹4 और सालभर में ₹12-13 प्रति किलो तक बढ़े दाम – देशभर में चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले एक महीने में खुदरा और थोक दोनों बाजारों में चीनी के दाम 4 रुपए प्रति किलो से अधिक बढ़ गए हैं। त्योहारों के मौसम में मांग बढ़ने और आपूर्ति सीमित रहने के कारण कीमतों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, सरकार ने बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, चीनी का औसत दैनिक खुदरा भाव 59.50 रुपये प्रति किलो और थोक भाव 55.40 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया। सालाना आधार पर देखें तो चीनी की कीमतों में 12 से 13 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले खुदरा बाजार में चीनी का भाव 46.50 रुपये और थोक बाजार में 43.23 रुपए प्रति किलो था।
कोलकाता में सबसे महंगी मिल रही चीनी
देश के प्रमुख महानगरों में कोलकाता में चीनी का खुदरा भाव सबसे अधिक दर्ज किया गया। 3 नवंबर को यहां चीनी 65 रुपये प्रति किलो बिकी, जबकि एक साल पहले इसकी कीमत 50 रुपये प्रति किलो थी। दिल्ली में चीनी का भाव 64 रुपये प्रति किलो रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 46 रुपये था। वहीं, मुंबई में कीमत 61 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई, जबकि एक साल पहले यहां चीनी 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी।
उत्पादन में कमी और त्योहारों की मांग से बढ़े दाम
चीनी की कीमतें बढ़ने की प्रमुख वजह 2025-26 सीजन में उत्पादन का अनुमान से कम रहना है। इसके अलावा त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने, फसलों को नुकसान पहुंचने, वैश्विक स्तर पर आपूर्ति सीमित होने और जमाखोरी ने भी कीमतों पर दबाव बढ़ाया है। बाजार में आपूर्ति की स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने स्टॉक लिमिट लागू करने, आयात, निगरानी बढ़ाने और चीनी मिलों में पेराई का काम पहले शुरू कराने जैसे कदम उठाए हैं।
नए सीजन में 8.45 लाख टन चीनी का उत्पादन
नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के अनुसार, 2026-27 सीजन के पहले महीने में देश में 8.45 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। यह सीजन अक्टूबर से सितंबर तक चलेगा। चीनी मिलों में पेराई का काम 8 अक्टूबर से शुरू हुआ था। 30 अक्टूबर तक देश की 152 मिलों ने चीनी का उत्पादन किया। इससे त्योहारों के दौरान घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिली है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


