राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

PM Kisan 23वीं किस्त: 20 जून को 9.44 करोड़ किसानों के खातों में आएंगे 18,880 करोड़ रुपये, साथ मिलेंगी ये नई सौगातें

18 जून 2026, नई दिल्ली: PM Kisan 23वीं किस्त: 20 जून को 9.44 करोड़ किसानों के खातों में आएंगे 18,880 करोड़ रुपये, साथ मिलेंगी ये नई सौगातें – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना के लाभार्थी किसानों के लिए 20 जून का दिन खास होने वाला है। केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 23वीं किस्त जारी करेगी। इस अवसर पर देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लगभग 18,880 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल किसान सम्मान निधि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी।

पश्चिम बंगाल के किसानों को भी मिलेगा बड़ा लाभ

सरकार के अनुसार पश्चिम बंगाल के 45.35 लाख से अधिक किसानों को इस किस्त के तहत लगभग 907 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी। इसके साथ ही राज्य में पीएम किसान योजना के तहत वितरित कुल राशि 15 हजार करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगी। वहीं देशभर में योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को वितरित की गई सहायता राशि 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने का अनुमान है।

फसल बीमा और डिजिटल कृषि को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा। इन योजनाओं के लिए लगभग 12,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026-27 में करीब 1.10 करोड़ किसानों की 30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसलों को सुरक्षा प्रदान करना है।

इसके अलावा डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्रीटेक प्लेटफॉर्म की शुरुआत होगी, जिससे किसानों को उर्वरक वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और सरकारी खरीद जैसी सेवाओं तक आसान डिजिटल पहुंच मिल सकेगी।

प्राकृतिक खेती और ग्रामीण विकास को नई रफ्तार

कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन का शुभारंभ भी किया जाएगा। इसके तहत पश्चिम बंगाल में 17,300 हेक्टेयर क्षेत्र में 346 प्राकृतिक कृषि क्लस्टर विकसित किए जाएंगे, जिससे 43,250 किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 213 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 49 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। मत्स्य पालन, पशुपालन और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी कई नई परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 20 जून का यह कार्यक्रम किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा तथा पूर्वी भारत में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements