अब बीज-खाद के नमूने सुरक्षित पहुंचेंगे लैब तक, कृषि मंत्रालय और डाक विभाग के बीच हुआ अहम एमओयू
07 फरवरी 2026, नई दिल्ली: अब बीज-खाद के नमूने सुरक्षित पहुंचेंगे लैब तक, कृषि मंत्रालय और डाक विभाग के बीच हुआ अहम एमओयू – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने बीज, उर्वरक और कीटनाशकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंत्रालय ने 7 जनवरी 2026 को डाक विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य बीज, खाद और कीटनाशकों के नमूनों के परिवहन और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए एक मानकीकृत, पारदर्शी और पूरी तरह से ट्रैक करने योग्य लॉजिस्टिक व्यवस्था लागू करना है।
इस एमओयू के तहत संग्रह केंद्रों से निर्धारित प्रयोगशालाओं तक नमूनों की सुरक्षित, समयबद्ध और छेड़छाड़-रहित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी। पूरी प्रक्रिया को डिजिटल ट्रैकिंग से जोड़ा गया है, जिससे हर नमूने की निगरानी उसके संग्रह से लेकर परीक्षण रिपोर्ट बनने तक की जा सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत राज्य स्तर पर गुणवत्ता नियंत्रण के लक्ष्य तय करने, नमूनों के संग्रह और प्रेषण, प्रयोगशाला में विश्लेषण, परीक्षण रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई तक की सभी प्रमुख प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण किया गया है। इससे कृषि-इनपुट गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र और अधिक मजबूत होगा।
यदि जांच के दौरान किसी बीज, उर्वरक या कीटनाशक की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित वस्तु पर लागू अधिनियमों के प्रावधानों के अनुसार अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी। इससे नकली और निम्न गुणवत्ता वाले कृषि इनपुट पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
यह पहल प्रवर्तन प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायक होगी। साथ ही किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे फसल उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों के हितों की बेहतर सुरक्षा हो पाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


