Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

कर्नाटक में सूखे को लेकर मल्लिकार्जुन  खड़गे ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, ₹3,705 करोड़ की मदद समेत रखीं 6 मांगें

03 अक्टूबर 2026, नई दिल्ली: कर्नाटक में सूखे को लेकर मल्लिकार्जुन  खड़गे ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, ₹3,705 करोड़ की मदद समेत रखीं 6 मांगें – कर्नाटक में सूखे की स्थिति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से तत्काल सहायता देने की मांग की है। खड़गे ने अपने पत्र में कहा कि कर्नाटक हाल के वर्षों की गंभीर सूखा परिस्थितियों का सामना कर रहा है। उनके अनुसार सितंबर तक राज्य में बारिश में 58 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जिसका असर फसलों पर पड़ा है और बड़ी संख्या में किसान परिवार संकट का सामना कर रहे हैं।

खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पत्र को शेयर कर लिखा कि, कर्नाटक सरकार ने सूखे से हुए 18,748.23 करोड़ रुपये के अनुमानित नुकसान के मुकाबले केंद्र से 3,705.30 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। यह मांग राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के प्रावधानों के तहत की गई है। खड़गे ने प्रधानमंत्री से इस सहायता को जल्द मंजूर कर जारी करने की अपील की है।

खड़गे की PM मोदी से 6 प्रमुख मांगें

खड़गे ने अपने पत्र में सूखा प्रभावित किसानों और क्षेत्रों के लिए छह प्रमुख मांगें रखी हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

1. कर्नाटक में केंद्रीय टीम भेजी जाए– उन्होंने कल्याणा कर्नाटक क्षेत्र में सूखे से हुए नुकसान का मौके पर जाकर आकलन और सत्यापन करने के लिए तत्काल केंद्रीय टीम भेजने की मांग की है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

2. ₹3,705.30 करोड़ की पूरी सहायता जारी हो– खड़गे ने कहा कि राज्य ने NDRF और SDRF के तहत जितनी सहायता मांगी है, उसकी पूरी राशि मंजूर कर जारी की जानी चाहिए। उन्होंने राशि में मनमानी कटौती नहीं करने की मांग की है।

3. अपडेटेड भूमि रिकॉर्ड के आधार पर इनपुट सब्सिडी मिले- छोटे और सीमांत किसानों के लिए इनपुट सब्सिडी तय करते समय 2015-16 की कृषि जनगणना के बजाय कर्नाटक के अपडेटेड भूमि रिकॉर्ड का इस्तेमाल करने की मांग की गई है। खड़गे के अनुसार इससे पात्र किसान राहत से बाहर नहीं होंगे।

4. अतिरिक्त तालुकों को भी सूखा राहत के दायरे में लिया जाए- उन्होंने ग्राउंड ट्रुथिंग की प्रक्रिया से गुजर रहे 11 अतिरिक्त तालुकों के साथ भविष्य में पात्र पाए जाने वाले अन्य तालुकों को भी लगातार चल रही एक ही सूखा स्थिति का हिस्सा मानकर केंद्रीय सहायता के लिए शामिल करने की मांग की है।

5. पेयजल और वैकल्पिक बिजली के लिए सहायता बढ़ाई जाए- खड़गे ने कावेरी और हाइडेल कैचमेंट क्षेत्रों में जलाशयों के कम जलस्तर का हवाला देते हुए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने और वैकल्पिक बिजली की लागत के लिए अतिरिक्त सहायता देने की मांग की है।

6. 31 लाख से अधिक किसान परिवारों को ध्यान में रखकर राहत दी जाए– उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहायता तय करते समय राज्य में सूखे के कारण प्रभावित 31 लाख से अधिक किसान परिवारों की स्थिति को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

अमित शाह को भी भेजा पत्र

खड़गे ने कहा कि सूखा राहत का मुद्दा लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़ा है। उन्होंने केंद्र से प्रभावित लोगों के लिए समय पर पानी, चारा, भोजन और आजीविका से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। खड़गे ने यह भी बताया कि उन्होंने इसी मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture