राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

तमिलनाडु के किसानों को बड़ी सौगात: MSP पर खरीदा जाएगा 87,226 MT खोपरा, MIS के तहत होगी 96,879 MT तोतापुरी आम की खरीद

09 जुलाई 2026, नई दिल्ली: तमिलनाडु के किसानों को बड़ी सौगात: MSP पर खरीदा जाएगा 87,226 MT खोपरा, MIS के तहत होगी 96,879 MT तोतापुरी आम की खरीद – केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए खोपरा और तोतापुरी आम की सरकारी खरीद को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2026 के लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए 87,226 मीट्रिक टन खोपरा की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर और 96,879 मीट्रिक टन तोतापुरी आम की खरीद बाजार हस्तक्षेप योजना (MIS) के तहत करने की मंजूरी दी है। इस फैसले से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ बाजार में कीमतों में गिरावट से होने वाले नुकसान से भी राहत मिलेगी।

MSP पर होगी 87,226 मीट्रिक टन खोपरा की खरीद

केंद्र सरकार की मंजूरी के अनुसार तमिलनाडु में कुल 87,226 मीट्रिक टन खोपरा की खरीद मूल्य समर्थन योजना (Price Support Scheme-PSS) के तहत की जाएगी। इसमें 87,000 मीट्रिक टन मिलिंग खोपरा और 226 मीट्रिक टन बाल खोपरा शामिल है। यह पूरी खरीद किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी। सरकार के अनुसार, इस खरीद का कुल एमएसपी मूल्य 1,049.16 करोड़ रुपये से अधिक होगा। इससे खोपरा उत्पादक किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित होगा और उन्हें कम कीमतों पर फसल बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

तोतापुरी आम की खरीद को भी मिली मंजूरी

केंद्रीय कृषि मंत्री ने तमिलनाडु के तोतापुरी आम उत्पादक किसानों के लिए भी बड़ी राहत का ऐलान किया है। वर्ष 2026 के दौरान 96,879 मीट्रिक टन तोतापुरी आम की खरीद बाजार हस्तक्षेप योजना (Market Intervention Scheme-MIS) के तहत की जाएगी। सरकार ने तोतापुरी आम का बाजार हस्तक्षेप मूल्य (Market Intervention Price-MIP) 1,545.41 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसके जरिए किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिलेगा तथा बाजार में अचानक कीमतें गिरने की स्थिति में उन्हें नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों को यह भरोसा मिलेगा कि उनकी उपज के लिए सरकार तय मूल्य पर खरीद करने के लिए तैयार है। इससे उन्हें औने-पौने दाम पर फसल बेचने की मजबूरी नहीं होगी और उनकी आय को स्थिर रखने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा मजबूती

खोपरा और तोतापुरी आम की बड़े पैमाने पर सरकारी खरीद की मंजूरी तमिलनाडु के किसानों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। एक ओर जहां खोपरा की खरीद पर 1,049 करोड़ रुपये से अधिक के एमएसपी मूल्य की सुरक्षा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर तोतापुरी आम उत्पादकों को भी बाजार में गिरते दामों से संरक्षण मिलेगा। केंद्र सरकार का यह फैसला किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र में भरोसा कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें