महाराष्ट्र के किसानों को बड़ी सौगात, शिवराज सिंह चौहान ने PM-RKVY के तहत जारी किए ₹335 करोड़
28 जुलाई 2026, नई दिल्ली: महाराष्ट्र के किसानों को बड़ी सौगात, शिवराज सिंह चौहान ने PM-RKVY के तहत जारी किए ₹335 करोड़ – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम आरकेवीवाई) के अंतर्गत 335 करोड़ रुपये की मदर सैंक्शन जारी की है। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे, केंद्रीय कृषि सचिव और केंद्र तथा राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में, राज्य में विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।
कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर महाराष्ट्र की सराहना
समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने पीएम आरकेवीवाई के तहत 75 प्रतिशत से अधिक राशि, और कई घटकों में 80 प्रतिशत से ज्यादा राशि का समय पर उपयोग किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। अन्य योजनाओं की चर्चा के दौरान, कृषि उन्नति (KY) योजना के घटक, मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) में लगभग 81.73% व्यय को उन्होंने उत्कृष्ट बताया और इसके लिए राज्य को बधाई दी।
महाराष्ट्र को इस प्रदर्शन के आधार पर अग्रणी राज्यों में शामिल करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने इसकी खुलकर सराहना की, जिसने प्रभावी खर्च सुनिश्चित किया है।
डिजिटल एग्रीकल्चर में सुधार के दिए निर्देश
बैठक में डिजिटल एग्रीकल्चर सेक्टर सहित कुछ योजनाओं में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर भी चर्चा हुई। शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में खर्च की गति बढ़ाई जाए और लंबित राशि का जल्द से जल्द उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंच सके।
हर रुपये का लाभ किसानों तक पहुंचे
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल राज्यों को धनराशि जारी करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि हर रुपये का उपयोग किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए प्रभावी ढंग से हो। उन्होंने राज्यों से योजनाओं की सतत निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और पारदर्शी खर्च पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
महाराष्ट्र को मॉडल राज्य बनाने पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र डिजिटल एग्रीकल्चर सहित अन्य योजनाओं में भी तेजी लाकर कृषि क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने के लिए राज्यों के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

