National News (राष्ट्रीय कृषि समाचार)

316 मिलियन टन से अधिक होगा खाद्यान्न उत्पादन

Share

2021-22 के लिए मुख्य फसलों का दूसरा अग्रिम उत्पादन अनुमान

19 फरवरी 2022, नई दिल्ली । 316 मिलियन टन से अधिक होगा खाद्यान्न उत्पादन – कृषि मंत्रालय द्वारा 2021-22 के लिए मुख्य फसलों के उत्पादन के दूसरे अग्रिम अनुमान जारी कर दिए गए हैं। इसके अनुसार, देश में 316.06 मिलियन टन रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि देश में खाद्यान्न उत्पादन का लगातार नया रिकॉर्ड बन रहा है, जो किसानों की कड़ी मेहनत, वैज्ञानिकों के कुशल अनुसंधान और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का सद्परिणाम है।

वर्ष 2021-22 के लिए दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 316.06 मिलियन टन अनुमानित है, जो वर्ष 2020-21 के दौरान प्राप्त उत्पादन की तुलना में 5.32 मिलियन टन अधिक है। वर्ष 2021-22 के दौरान उत्पादन विगत पांच वर्षों (2016-17 से 2020-21)के औसत खाद्यान्न उत्पादन की तुलना में 25.35 मिलियन टन अधिक है।

2021-22 के दौरान चावल का कुल उत्पादन 127.93 मिलियन टन रिकॉर्ड अनुमानित है। यह विगत पांच वर्षों के 116.44 मिलियन टन औसत उत्पादन की तुलना में 11.49 मिलियन टन अधिक है तथा गेहूं का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 111.32 मिलियन टन अनुमानित है। यह विगत पांच वर्षों के 103.88 मिलियन टन औसत उत्पादन की तुलना में 7.44 मिलियन टन अधिक है। इसी प्रकार पोषक/मोटे अनाजों का उत्पादन 49.86 मिलियन टन अनुमानित है, जो औसत उत्पादन की तुलना में 3.28 मिलियन टन अधिक है। वहीं वर्ष 2021-22 के दौरान कुल दलहन उत्पादन 26.96 मिलियन टन अनुमानित है, जो विगत पांच वर्षों के 23.82 मिलियन टन औसत उत्पादन की तुलना में 3.14 मिलियन टन अधिक है।

देश में कुल तिलहन उत्पादन 37.15 मिलियन टन अनुमानित है, जो वर्ष 2020-21 के दौरान 35.95 मिलियन टन उत्पादन की तुलना में 1.20 मिलियन टन अधिक है। इसके अलावा, वर्ष 2021-22 के दौरान तिलहनों का उत्पादन औसत तिलहन उत्पादन की तुलना में 4.46 मिलियन टन अधिक है।

वहीं वर्ष 2021-22 के दौरान देश में गन्ना का उत्पादन 414.04 मिलियन टन अनुमानित है, जो 373.46 मिलियन टन औसत गन्ना उत्पादन की तुलना में 40.59 मिलियन टन अधिक है।

कपास का उत्पादन 34.06 मिलियन गांठें (प्रति 170 कि.ग्रा.) अनुमानित है, जो 32.95 मिलियन गांठें औसत उत्पादन की तुलना में 1.12 मिलियन गांठें अधिक है। पटसन व मेस्ता का उत्पादन 9.57 मिलियन गांठें (प्रति 180 कि.ग्रा.) अनुमानित है।

दूसरा अग्रिम उत्पादन अनुमान
खाद्यान्न        316.06 मिलियन टन
चावल        127.93 मिलियन टन
गेहूं                    111.32 मिलियन टन
मोटे अनाज     49.86 मिलियन टन
मक्का                32.42 मिलियन टन
दलहन                 26.96 मिलियन टन
तुअर                  4.00 मिलियन टन
चना                   13.12 मिलियन टन
तिलहन       37.15 मिलियन टन
मूंगफली        9.86 मिलियन टन
सोयाबीन       13.12 मिलियन टन
सरसों                 11.46 मिलियन टन
गन्ना                 414.04 मिलियन टन
कपास          34.06 मिलियन गांठें  (प्रति 170 कि.ग्रा.)
पटसन                 9.57 मिलियन गांठें एवं मेस्टा  (प्रति 180 कि.ग्रा.)

 

महत्वपूर्ण खबर: 21वीं सदी की आधुनिक कृषि व्यवस्था की दिशा में एक नया अध्याय

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *