राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

किसानों के संगठन अब बनेंगे मजबूत कारोबारी मंच, एफपीओ के लिए एफएमसीएएस इंडिया पोर्टल का शुभारंभ

05 सितंबर 2026, नई दिल्ली: किसानों के संगठन अब बनेंगे मजबूत कारोबारी मंच, एफपीओ के लिए एफएमसीएएस इंडिया पोर्टल का शुभारंभ – देश के किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को केवल किसानों के सामूहिक संगठन तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सक्षम, आत्मनिर्भर, बाजार केंद्रित और मजबूत कृषि व्यवसाय उद्यम के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी उद्देश्य से एफएमसीएएस इंडिया पोर्टल का नई दिल्ली स्थित एमराल्ड होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में सॉफ्ट लॉन्च किया गया।

यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब देश में किसान उत्पादक संगठनों की संख्या और सामूहिक क्षमता लगातार बढ़ रही है। हालांकि, बड़ी संख्या में एफपीओ अभी भी बाजार तक पहुंच, उपज का उचित मूल्य तय कराने, संस्थागत खरीदारों से संपर्क, वित्तीय संसाधन, नियामकीय अनुपालन, तकनीकी सुविधाओं, परिवहन, भंडारण, मूल्य संवर्धन और व्यावसायिक प्रबंधन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

एक ही मंच पर कई सुविधाएं

एफएमसीएएस इंडिया का उद्देश्य एफपीओ की इन्हीं व्यावसायिक और संस्थागत जरूरतों को एक साझा मंच के माध्यम से पूरा करना है। इसके तहत एफपीओ को बाजार तक पहुंच, व्यावसायिक सलाह, वित्तीय सहायता, नियामकीय अनुपालन, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और परिवहन-लॉजिस्टिक्स जैसी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

इस पहल के माध्यम से एफपीओ को केवल कृषि उपज के सामूहिक संग्रह और बिक्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें संगठित एवं पेशेवर ढंग से कारोबार संचालित करने में सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे किसान संगठनों को बेहतर बाजारों की पहचान करने, खरीदारों से सीधे जुड़ने और अपनी उपज के लिए बेहतर मूल्य हासिल करने में मदद मिल सकती है।

बाजार और वित्तीय चुनौतियों पर फोकस

कई किसान उत्पादक संगठन उत्पादन स्तर पर किसानों को एकजुट करने में सफल रहे हैं, लेकिन बाजार और कारोबार के स्तर पर उन्हें अभी भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उत्पाद की मांग की जानकारी, सही खरीदार तक पहुंच, मूल्य निर्धारण, वित्तीय प्रबंधन, गुणवत्ता मानकों और आपूर्ति व्यवस्था की कमी उनके विस्तार में बाधा बनती है।

एफएमसीएएस इंडिया इन क्षेत्रों में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत व्यवस्था विकसित करने पर जोर दे रहा है। प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग के माध्यम से एफपीओ में व्यावसायिक क्षमता विकसित करने का भी प्रयास होगा, ताकि वे लंबे समय तक आत्मनिर्भर तरीके से काम कर सकें।

किसानों की आय से सीधे जुड़ी पहल

एफपीओ को मजबूत करने का सीधा लाभ उनसे जुड़े किसानों तक पहुंच सकता है। यदि किसान संगठन अपनी उपज का बेहतर संग्रह, गुणवत्ता प्रबंधन, मूल्य संवर्धन और बाजार व्यवस्था विकसित कर पाते हैं, तो किसानों को बिचौलियों पर निर्भरता कम करने तथा बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिल सकते हैं।

एफएमसीएएस इंडिया की इस पहल का मूल संदेश “एफपीओ का, एफपीओ के लिए और एफपीओ द्वारा” है। इसका व्यापक उद्देश्य “एफपीओ को बदलें, किसानों को बदलें” की अवधारणा के साथ किसान संगठनों को मजबूत बनाना है। आने वाले समय में यह मंच एफपीओ को कृषि क्षेत्र में अधिक सक्षम, आत्मनिर्भर और बाजार केंद्रित संस्थाओं के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture