राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

नई दिल्ली में किसान सम्मान समारोह आयोजित, कृषि रत्न सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित हुए किसान और संस्थान  

22 दिसंबर 2025, नई दिल्ली: नई दिल्ली में किसान सम्मान समारोह आयोजित, कृषि रत्न सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित हुए किसान और संस्थान – नई दिल्ली में किसान ट्रस्ट द्वारा पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में चौधरी चरण सिंह किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों और संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही कृषि रत्न पुरस्कार 2025 सहित विभिन्न श्रेणियों में किसानों और संस्थानों को सम्मान प्रदान किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों और कृषि से जुड़े संगठनों का यह सम्मान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे खेती को आगे बढ़ाने का उत्साह मिलता है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि वे सच्चे अर्थों में किसान हितैषी नेता थे। उन्होंने पूरे देश को यह संदेश दिया कि देश की समृद्धि का रास्ता किसान के खेत से होकर जाता है। उनके विचार और सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

प्रगतिशील किसान और संस्थान हुए सम्मानित

समारोह में प्रगतिशील किसान सत्यवान सहरावत को सम्मानित किया गया। कृषि रत्न पुरस्कार 2025 के अंतर्गत कृषि उत्थान श्रेणी में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के उप महानिदेशक डॉ. देवेंद्र कुमार यादव को सम्मान मिला। कृषि उद्यमी श्रेणी में फ्रूवेटेक प्राइवेट लिमिटेड, किसान ट्रस्ट सेवा रत्न श्रेणी में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और किसान ट्रस्ट कलम रत्न पुरस्कार से श्री हरवीर सिंह को सम्मानित किया गया।

Advertisement
Advertisement

चौधरी चरण सिंह के योगदान को किया याद

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने आज़ादी की लड़ाई में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और बाद में जमींदारी प्रथा के उन्मूलन जैसे ऐतिहासिक फैसलों से किसानों को मजबूती दी। उन्होंने काम के बदले अनाज जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और किसान वर्ग को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया।

Advertisement
Advertisement

ग्रामीण रोजगार और नए कानून पर चर्चा

श्री चौहान ने हाल ही में पारित विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) कानून की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में 100 के बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कानून से रोजगार के साथ-साथ गांवों का विकास भी सुनिश्चित किया जाएगा। गांव में होने वाले विकास कार्यों का चयन ग्राम स्तर पर ही किया जाएगा, जिससे स्कूल, सड़क, नाली और खेत तक की सड़कें बनाई जा सकेंगी।

लैब टू लैंड और नकली उर्वरकों पर सख्ती

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने के लिए ‘लैब टू लैंड’ विजन पर काम कर रही है। इसके तहत वैज्ञानिक सीधे खेतों में जाकर किसानों से संवाद करेंगे। उन्होंने नकली उर्वरक और कीटनाशकों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार इनके खिलाफ सख्त कानून लाने की तैयारी कर रही है और अगले संसद सत्र में इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

किसान कल्याण के लिए सुझावों का आह्वान

समारोह के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने किसान ट्रस्ट से आगामी बजट और अगले पांच वर्षों की कृषि योजनाओं के लिए सुझाव देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और चौधरी चरण सिंह के मूल्यों पर चलते हुए किसानों के हित में हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Advertisements
Advertisement
Advertisement

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements
Advertisement
Advertisement