Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसल की खेती (Crop Cultivation)राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

IARI: बारिश और ठंड में फसल बचाने के उपाय, 1 जनवरी 2025 से 5 जनवरी 2025 के लिए

01 जनवरी 2025, नई दिल्ली: IARI: बारिश और ठंड में फसल बचाने के उपाय, 1 जनवरी 2025 से 5 जनवरी 2025 के लिए – भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली ने 31 दिसंबर 2024 को साप्ताहिक मौसम पर आधारित कृषि परामर्श जारी किया है। यह परामर्श किसानों को 5 जनवरी 2025 तक के लिए है। इसमें फसलों की देखभाल के उपाय और खेती के कार्यों को मौसम के अनुसार संचालित करने की सलाह दी गई है। आइए जानते हैं इस सप्ताह की मुख्य सिफारिशें, बीते सप्ताह का मौसम और आगामी मौसम पूर्वानुमान।

कृषि वैज्ञानिकों की मुख्य सलाह:

  1.  खड़ी फसलें और सिंचाई: पिछले दिनों हुई बारिश को देखते हुए सभी खड़ी फसलों में सिंचाई और किसी भी तरह का छिड़काव न करें।
  2.  सरसों की फसल: देर से बोई गई सरसों की फसल में विरलीकरण और खरपतवार नियंत्रण का कार्य करें। औसत तापमान में गिरावट के कारण सफेद रतुआ रोग की निगरानी करें और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत उपचार करें।
  3. प्याज की खेती: प्याज की रोपाई से पहले तैयार खेतों में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद और पोटाश उर्वरक का प्रयोग करें। यह पौधों की बेहतर वृद्धि में सहायक होगा।
  4. आलू और टमाटर की फसल: आलू की फसल में उर्वरक डालें और मिट्टी चढ़ाने का कार्य करें। हवा में अधिक नमी के कारण आलू और टमाटर में झुलसा रोग की संभावना रहती है। लक्षण दिखने पर डाईथेन-एम-45 (2 ग्राम प्रति लीटर पानी) का छिड़काव करें। छिड़काव साफ मौसम में करें।
  5. सब्जियों की पौधशाला: टमाटर, फूलगोभी, बंदगोभी और ब्रोकली की पौधशाला तैयार करने वाले किसान पौधों की रोपाई करते समय मौसम को ध्यान में रखें। पर्याप्त नमी और पौध संरक्षण उपायों का पालन करें।
  6.  गोभी वर्गीय सब्जियां: गोभी वर्गीय सब्जियों में पत्तियां खाने वाले कीटों की निगरानी करें। संख्या अधिक होने पर बीटी (1 ग्राम प्रति लीटर पानी) या स्पेनोसेड (1 एमएल/3 लीटर पानी) का छिड़काव करें। छिड़काव केवल साफ आसमान में करें।
  7. आम के बाग: मिलीबग रोकथाम के लिए आम के तनों पर जमीन से 0.5 मीटर की ऊंचाई तक अल्काथीन की पट्टी लपेटें। तनों के आसपास की मिट्टी की खुदाई करें, जिससे मिलीबग के अंडे नष्ट हो जाएं।
  8. गेंदे की फसल: सापेक्षिक आर्द्रता अधिक होने से पुष्प सड़न रोग की संभावना रहती है। नियमित निगरानी करें और लक्षण दिखने पर तुरंत उपचार करें।

बीते सप्ताह का मौसम:

25 दिसंबर से 31 दिसंबर 2024 के बीच हल्का कोहरा देखने को मिला। इस दौरान 27 दिसंबर को 9 मिमी और 28 दिसंबर को 40.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 14.8°C से 22.8°C के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.1°C से 12.9°C के बीच दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 89-97% और दोपहर में 68-98% तक रही। सप्ताह के दौरान हवा की औसत गति 3.9 किमी/घंटा रही।

आगामी मौसम पूर्वानुमान (1-5 जनवरी 2025):

1 से 5 जनवरी 2025 के दौरान मौसम में हल्के से मध्यम बदलाव की संभावना है। 5 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 17°C से 20°C और न्यूनतम तापमान 10°C से 13°C के बीच रहने की संभावना है। सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। हवा मुख्य रूप से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी, जिसकी गति 22 से 24 किमी/घंटा के आसपास हो सकती है। इस सप्ताह 5 मिमी साप्ताहिक संचयी वर्षा होने का अनुमान है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com