Uncategorized

किसानों को आकाशवाणी से रोज मिलेगी फसल भाव की जानकारी

एक जनवरी 2018 से होगी शुरूआत

भोपाल। प्रदेश के किसानों को उपज का अपने जिले और आस-पास की मंडियों समितियों में प्रचलित भावों की जानकारी अब रोज शाम को आकाशवाणी से मिलेगी। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किसानों के लिये यह व्यवस्था एक जनवरी 2018 से शुरू की जा रही है जो पूरे वर्ष 365 दिन नियमित जारी रहेगी।
इस व्यवस्था के अंतर्गत मंडी बोर्ड के माध्यम से मंडी समितियों में विभिन्न उपज के दैनिक आवक और औसत भाव का प्रसारण आकाशवाणी के 14 केन्द्रों से शाम 7 बजे से 5 मिनिट के लिये किया जायेगा। यह प्रसारण प्रादेशिक समाचार के प्रसारण के पूर्व होगा।
आकाशवाणी के 14 केन्द्रों में से 8 केन्द्रों को मंडी बोर्ड के अनुसार 4 भागों में विभक्त किया गया है। इस व्यवस्था के अंतर्गत भोपाल रेडियो स्टेशन में भोपाल संभाग के सभी जिले और बैतूल शामिल होगा। इंदौर रेडियो स्टेशन में पूर्ण उज्जैन संभाग भी शामिल होगा। ग्वालियर तथा छतरपुर रेडियो स्टेशन में ग्वालियर के साथ सागर संभाग भी शामिल होगा। जबलपुर, बालाघाट तथा छिन्दवाड़ा रेडियो स्टेशन में पूर्ण रीवा संभाग भी शामिल होगा।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न रेडियो स्टेशन से क्षेत्रीय आधार पर चयनित मंडी समितियों के दैनिक आवक भाव एवं औसत भाव की जानकारी का प्रसारण किया जायेगा। इस जानकारी से किसान को उनकी उपज का वास्तविक मूल्य जानने में मदद मिलेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisements
Advertisement5
Advertisement