रायपुर: इस तकनीक से बैंगन की खेती ने बदल दी किसान की किस्मत, एक एकड़ से पाया 1.33 लाख का मुनाफा
08 अप्रैल 2026, रायपुर: रायपुर: इस तकनीक से बैंगन की खेती ने बदल दी किसान की किस्मत, एक एकड़ से पाया 1.33 लाख का मुनाफा – छत्तीसगढ़ में कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में शासन की योजनाएं अब जमीन पर असर दिखाने लगी हैं। मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुटेरा के किसान बसदेव राजपूत ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर सीमित भूमि में उल्लेखनीय आय अर्जित की, जो अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
करीब 1.70 हेक्टेयर भूमि के स्वामी राजपूत ने अपनी कुल जमीन में से लगभग 1 एकड़ में उद्यानिकी फसल के रूप में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती की। उन्होंने परंपरागत तरीके की खेती छोड़कर ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और प्लास्टिक मल्चिंग जैसी आधुनिक तकनीक अपनाई। इसका परिणाम यह हुआ कि जल संरक्षण के साथ-साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ।
तकनीकी मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता
शासन की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (2025-26) के तहत उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन के साथ लगभग 30,000 रुपये का अनुदान भी मिला। इस सहायता ने खेती की लागत कम करने और आधुनिक संसाधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में मदद की।
श्री राजपूत ने बताया कि तकनीक अपनाने के बाद प्रति एकड़ 130 क्विंटल बैंगन का उत्पादन हुआ। बाजार में 15–20 रुपये प्रति किलोग्राम के थोक मूल्य पर फसल की बिक्री कर उन्होंने कुल लगभग 1.95 लाख रुपये की आय अर्जित की, जबकि उनकी कुल लागत लगभग 62 हजार रुपये रही। इस तरह उन्हें 1.33 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो पारंपरिक खेती की तुलना में काफी अधिक है।
उत्पादन में वृद्धि और कीट नियंत्रण
श्री राजपूत के अनुसार, उन्नत तकनीकों से न केवल उत्पादन बढ़ा, बल्कि कीट और रोग नियंत्रण भी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी रहा। उनकी फसल का उत्पादन अभी जारी है और आगामी समय में 30–40 क्विंटल अतिरिक्त उत्पादन की संभावना है, जिससे आय में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा
श्री राजपूत की सफलता से प्रभावित होकर आसपास के किसान भी अब ड्रिप इरिगेशन और आधुनिक खेती तकनीक अपनाने लगे हैं। यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि शासन की योजनाओं, वैज्ञानिक मार्गदर्शन और किसान की मेहनत का समन्वय खेती को लाभकारी और टिकाऊ व्यवसाय में बदल सकता है।
राज्य की कृषि विकास दिशा
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी सफलताएं यह संदेश देती हैं कि छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का मिश्रण किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने में प्रभावी साबित हो रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

