राज्य कृषि समाचार (State News)

सीहोर में जैविक संसाधन केंद्र का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा सस्ता और प्राकृतिक इनपुट

13 मार्च 2026, सीहोर: सीहोर में जैविक संसाधन केंद्र का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा सस्ता और प्राकृतिक इनपुट – मध्यप्रदेश कृषि विभाग द्वारा सीहोर जिले के इछावर तहसील के ग्राम गाजीखेड़ा में जैविक संसाधन केंद्र (बीआरसी) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कृषि उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने किसानों को जैविक खेती के महत्व के बारे में जानकारी दी और बताया कि इस बीआरसी केंद्र के माध्यम से किसानों को जैविक उत्पाद बाजार की तुलना में कम लागत पर उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे खेती की लागत कम करने में सहायता मिलेगी।

बीआरसी केंद्र के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस जैविक संसाधन केंद्र की उत्पादन क्षमता 45 दिनों में लगभग 300 लीटर जैविक घोल तैयार करने की है। इस केंद्र में कुल 10 प्रकार के जैविक उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इसके केंद्र में किसानों के लिए विभिन्न प्रकार के जैविक उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिनमें EM-2 घोल, देसी कल्प अर्क, दशपर्णी अर्क, फल अर्क, सप्तधन्य अर्क, ह्यूमिक एसिड अर्क, अमिल अर्क, जैविक माइक्रोऑर्गेनिज्म स्लरी, फुल्विक एसिड घोल एवं वायमिल अर्क शामिल हैं।

ये सभी उत्पाद प्राकृतिक एवं जैविक विधियों से तैयार किए जाते हैं। इनका उपयोग करने से मृदा में लाभकारी सूक्ष्मजीवों की संख्या बढ़ती है, मृदा की संरचना एवं उर्वरता में सुधार होता है तथा पौधों को आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। साथ ही ये जैविक घोल पौधों की वृद्धि को प्रोत्साहित करते हैं, जड़ों के विकास को मजबूत बनाते हैं और फसलों को कीट एवं रोगों से सुरक्षित रखने में भी सहायक होते हैं।

इन जैविक उत्पादों के नियमित उपयोग से खेती की लागत कम होती है, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता घटती है तथा किसानों को स्वस्थ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलती है। साथ ही यह पहल क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस बीआरसी केंद्र से क्षेत्र के लगभग 314 किसानों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ प्राप्त होगा। किसानों को यहां से जैविक घोल एवं अन्य जैविक इनपुट आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष ग्राम सेवनिया में भी जैविक संसाधन केंद्र का शुभारंभ किया गया था, जो क्षेत्र में जैविक खेती को प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री जगदीश मुजाल्दा सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements