नरसिंहपुर: कृषि रथ से दी जा रही आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी
14 फरवरी 2026, नरसिंहपुर: नरसिंहपुर: कृषि रथ से दी जा रही आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी – राज्य शासन के निर्देशानुसार किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले के सभी 6 विकासखंडों में कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। कृषि रथ के माध्यम से जिले के किसानों को ई-विकास प्रणाली (ई-टोकन उर्वरक वितरण), आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। कृषि विभाग द्वारा कृषि रथ के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम देवनगर नया, बकोरी व बचई, विकासखंड गोटेगांव के अंतर्गत ग्राम नेगुवा, उमरिया, भामा और विकासखंड चांवरपाठा के अंतर्गत ग्राम सीहोरा, ठुठी एवं हरई का भ्रमण किया। कृषि रथ के माध्यम से किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने, फसल विविधीकरण, विभागीय योजनाओं, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा पराली (नरवाई) प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई।
किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, जीरो टिलेज सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, स्ट्रा रीपर एवं रीपर कम बाइंडर की तकनीकी जानकारी भी दी गई। किसानों को बताया गया कि सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर जैसे यंत्र खेत की तैयारी, नरवाई प्रबंधन एवं बोनी जैसे तीन कार्य एक साथ करते हैं, जिससे समय और लागत की बचत होती है तथा उत्पादन में भी वृद्धि होती है। किसानों को यह भी समझाइश दी गई कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है एवं वायु प्रदूषण भी फैलता है, जबकि नरवाई को खेत में मिलाकर खाद के रूप में उपयोग करना अधिक लाभकारी एवं पर्यावरण हितैषी है। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं किसान उपस्थित रहे।
आज इन ग्रामों में पहुंचेगा कृषि रथ – कृषि रथ बुधवार को विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम करहैया बचई, बबरिया, चीलाचोन खुर्द तथा विकासखंड चांवरपाठा के अंतर्गत ग्राम पुरगुवां, चिरचिरा एवं नयागांव का भ्रमण करेगा। कृषि विभाग ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कृषि संबंधी आधुनिक तकनीकों, शासकीय योजनाओं एवं कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त करने के लिए उपस्थिति की अपील की है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

