राज्यमंत्री लखन पटेल ने गोटवाला फार्म का किया भ्रमण, बकरी पालन और जीरो वेस्टेज मॉडल पर जोर
02 फरवरी 2026, भोपाल: राज्यमंत्री लखन पटेल ने गोटवाला फार्म का किया भ्रमण, बकरी पालन और जीरो वेस्टेज मॉडल पर जोर – पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने धार जिले की तहसील धमरपुरी अंतर्गत ग्राम सुंदरैल स्थित गोटवाला फार्म का भ्रमण किया। यह मध्यप्रदेश का सबसे पुराना बकरी पालन एवं प्रजनन केंद्र है, जिसने बकरी पालन के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। भ्रमण के दौरान राज्यमंत्री ने फार्म की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और यहां अपनाए जा रहे उन्नत बकरी पालन मॉडल की सराहना की।
राज्यमंत्री पटेल ने फार्म के संस्थापक दीपक पाटीदार द्वारा संचालित उन्नत नस्लों की इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिरोही, सोजत, बीटल, करौली, बरबरी सहित अन्य नस्लों की गुणवत्ता, वैज्ञानिक प्रजनन प्रणाली और प्रबंधन मॉडल की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उन्नत बकरी पालन केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।
जीरो वेस्टेज मॉडल बना प्रेरणास्रोत
राज्यमंत्री ने फार्म पर विकसित जीरो वेस्टेज मॉडल का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गोटवाला फार्म में बकरी के मल से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर ऑर्गेनिक सब्जी उत्पादन किया जा रहा है, जिससे संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी सहायक है।
बकरी पालन में पीपीपी मॉडल की संभावनाओं पर चर्चा
भ्रमण के दौरान राज्यमंत्री पटेल ने दीपक पाटीदार से प्रदेश में बकरी पालन की संभावनाओं, इसके विस्तार और उद्यमिता विकास पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शासन और उद्यमियों के संयुक्त सहयोग से पीपीपी मॉडल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे बकरी पालन को संगठित उद्योग के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।
शिव नर्सरी और पशु बाजार का भी किया निरीक्षण
इसके पश्चात राज्यमंत्री ने शिव नर्सरी का भ्रमण किया, जहां संस्थापक श्री शिवजी पाटीदार ने नर्सरी की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। यहां टमाटर, मिर्च, पपीता, तरबूज सहित विभिन्न फसलों की खेती का अवलोकन किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा विकसित पशु बाजार में गिर नस्ल की उन्नत गायों का निरीक्षण कर राज्यमंत्री ने पंचायत और व्यापारी बंधुओं के प्रयासों की सराहना की।
हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
राज्यमंत्री लखन पटेल ने दीपक पाटीदार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बकरी पालन और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार मॉडल अन्य किसानों और पशुपालकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर उपसंचालक पशुपालन डॉ. आर.एस. सिसोदिया सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

