Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने 557 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं का किया शुभांरभ

15 मार्च 2024, भोपाल: मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने 557 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं का किया शुभांरभ – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि निमाड़ अंचल के विद्यार्थियों को अब इंदौर और उज्जैन विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए नहीं जाना होगा। क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन में अन्य विषयों के साथ ही आने वाले समय में कृषि विज्ञान की शिक्षा भी प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर तक आने जाने के लिए बस की व्यवस्था भी की जाएगी। ‘मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खरगोन में टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना का डिजिटल लॉन्च भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 557 करोड़ रुपए लागत की सिंचाई योजनाओं का उद्घाटन भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा वर्ष 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में वीर टंट्या भील ने अंग्रेजों से लोहा लिया था। उनके प्रति मध्यप्रदेश सरकार ने आदर व्यक्त करते हुए खरगोन के नए विश्वविद्यालय का नाम क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय रखा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति लागू की। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने इस नीति के अच्छे क्रियान्वयन की उपलब्धि अर्जित की। खरगोन और गुना के नए विश्वविद्यालयों में सभी विषयों की शिक्षा की व्यवस्था रहेगी। पाठ्यक्रमों में कृषि विज्ञान भी भविष्य में जोड़ा जाएगा। ये विश्वविद्यालय और इनसे जुड़े महाविद्यालय आने वाले समय में सिर्फ डिग्री नहीं देंगे बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और प्राचीन सभ्यता के अध्ययन का माध्यम भी बनेंगे।

खरगोन में होगी 74 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खरगोन में 557 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से 114 ग्रामों में 74 हजार 110 एकड़ भूमि में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता विकसित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर पच्चीस प्रतिशत से आगे चली गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर विभिन्न लाभार्थियों को हितलाभ वितरित किए। इनमें अनुसूचित जाति के हितग्राही श्री भूरे सिंह को 12 लाख रूपए राशि का चेक, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दिया गया। इसी तरह  कृषि विभाग से दो हितग्राहियों श्री नरेंद्र पटेल और श्री कालू को ढाई-ढाई लाख रुपए और जिला पंचायत खरगोन द्वारा मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत श्रीमती वैशाली और श्रीमती प्रज्ञा को दो करोड़ 83 लाख रुपए का चेक और आशा स्व सहायता समूह को 4 लाख 50 हजार रूपए का चेक प्रदान किया गया। 

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

63 हजार विद्यार्थी नए विश्वविद्यालय से होंगे लाभान्वित

निमाड़ अंचल के खरगोन सहित बड़वानी, अलीराजपुर, खण्डवा और बुरहानपुर जिले के लगभग 63 हजार विद्यार्थी भी नए विश्वविद्यालय से लाभान्वित होंगे। इसी तरह गुना में प्रारंभ तात्या टोपे विश्वविद्यालय गुना सहित अशोक नगर और शिवपुरी जिलों के लगभग 61 हजार छात्र-छात्राओं के लिए उपयोगी होगा। गुना अंचल के विद्यार्थियों को ग्वालियर विश्वविद्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दो दिवस में 3 विश्वविद्यालय प्रारंभ करने का महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नए विश्वविद्यालयों के लिए आवश्यक बजट सहित जरूरी पद भी स्वीकृत किए गए हैं। मध्यप्रदेश में अन्य प्रदेशों के मुकाबले उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की रूचि निरंतर बढ़ी है। देश में मध्यप्रदेश, ग्रास एनरोलमेंट रेशियो की दृष्टि से बेहतर है। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की उपलब्धियों पर केंद्रित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)