सीहोर में अमानक मक्का बीज बेचने पर 9 बीज केंद्रों के लाइसेंस निलंबित
27 सितंबर 2026, सीहोर: सीहोर में अमानक मक्का बीज बेचने पर 9 बीज केंद्रों के लाइसेंस निलंबित – मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में अमानक मक्का बीज बेचने पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विभाग के उप संचालक एवं पदेन अनुज्ञापन प्राधिकारी अशोक कुमार उपाध्याय ने जिले के 9 बीज विक्रय केंद्रों के बीज लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इन विक्रय केंद्रों से मक्का बीज के नमूने लेकर राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए थे। परीक्षण में बीजों की अंकुरण क्षमता निर्धारित मानक से कम पाई गई।
इन 9 बीज केंद्रों के लाइसेंस निलंबित
कार्रवाई की जद में सीहोर के मेसर्स सांई एग्रो भैरूंदा, मेसर्स सांई कृपा कृषि केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स मारूती कृषि सेवा केन्द्र लाड़कुई, मेसर्स भाटीजी कृषि सेवा केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स न्यू राकेश कृषि सेवा केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स संस्कार कृषि सेवा केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स रावल ट्रेडर्स भैरूंदा, मेसर्स न्यू राहुल एग्रो एजेंसी भैरूंदा और मेसर्स कृषि विकास केन्द्र कांकरखेड़ा इछावर शामिल हैं। कृषि उप संचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि इन बीज विक्रेताओं के यहां से मक्का बीज के नमूने लिए गए थे। राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के बाद इन बीजों की अंकुरण क्षमता निर्धारित मानक से कम पाई गई।
बीज बनाने वाली कंपनियों के उत्पाद भी प्रतिबंधित
अमानक बीज मिलने के बाद इन्हें बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग ने संबंधित कंपनियों के उत्पादों को जिले में प्रतिबंधित कर दिया है। इनमें फोरजन सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद तेलंगाना; एडवान्टा इंटरप्राइजेज लिमिटेड, मेडचल मलकाजगिरी तेलंगाना; कार्नटेक सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, मेडचल रोड, सिकंदराबाद; संभवी एग्री सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, एसआर नगर हैदराबाद; आश एग्री साइंस प्राइवेट लिमिटेड, मेडचल मलकाजगिरी तेलंगाना; वायर क्रॉप साइंस लिमिटेड, सेंट्रल एवेन्यू हीरानंदानी, ठाणे वेस्ट महाराष्ट्र; सीजेन्टा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पुणे महाराष्ट्र; एल्डोराडो एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड, मेडचल मलकाजगिरी हैदराबाद और यगंती एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद शामिल हैं।
शेष स्टॉक की जानकारी लेने के निर्देश
कृषि विभाग की ओर से संबंधित विक्रय स्थलों का निरीक्षण कर शेष स्टॉक की जानकारी प्राप्त करने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने किसानों से अपील की है कि बीज खरीदते समय प्रमाणित एवं मानक बीज ही अधिकृत विक्रेताओं से खरीदें। किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या कृषि कार्यालय में संपर्क करें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


