राज्य कृषि समाचार (State News)

सरकारी खरीद से जुड़े आढ़तियों के लिए कमीशन दरों में बढ़ोतरी

23 मार्च 2026, भोपाल: सरकारी खरीद से जुड़े आढ़तियों के लिए कमीशन दरों में बढ़ोतरी – केंद्र सरकार ने गेहूं और धान की सरकारी खरीद से जुड़े आढ़तियों और सहकारी समितियों के लिए कमीशन दरों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह नई दरें रबी विपणन सत्र (RMS) 2026-27 से लागू होंगी। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य खरीद व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाना है, जिससे मंडियों में काम करने वाली एजेंसियों को बेहतर समर्थन मिल सके।

कमीशन दरों में संशोधन का फैसला राज्य सरकारों की मांग के आधार पर लिया गया है। इसके लिए एक उप-समिति का गठन किया गया था, जिसमें एफसीआई, राज्य सरकारों और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के प्रतिनिधि शामिल थे। समिति ने मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर कमीशन ढांचे में बदलाव की सिफारिश की, जिसके आधार पर केंद्र सरकार ने यह निर्णय लिया। समिति की सिफारिशों के आधार पर, सरकार ने गेहूं और धान की खरीद के लिए आढ़तियों और समितियों को दिए जाने वाले कमीशन दरों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। 

संशोधन के बाद, पंजाब और हरियाणा में गेहूं के लिए आढ़तियों को दिया जाने वाला कमीशन  46.00 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 50.75 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा, जबकि राजस्थान में गेहूं के लिए यह 41.40 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 45.67 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा। धान के लिए कमीशन 45.88 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 50.61 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा। इसी तरह, सहकारी समितियों को दिए जाने वाले कमीशन में भी बदलाव किया गया है। गेहूं की खरीद के लिए कमीशन 27.00 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 29.79 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा, जबकि धान के लिए यह 32.00 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 35.30 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements