झाबुआ में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कृषि रथ को किया रवाना
12 जनवरी 2026, झाबुआ: झाबुआ में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कृषि रथ को किया रवाना – मध्य प्रदेश शासन के निर्णय अनुसार वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि रथ का राज्य स्तरीय शुभारंभ 11 जनवरी 2026 को भोपाल में जंबूरी मैदान से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा किया गया। किसान भाइयों के सम्मान में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत जिले में कृषि रथ अभियान का शुभारंभ किया गया।
जिला स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र, झाबुआ में भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किसानों को दिखाया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा हरी झंडी दिखाकर कृषि रथों को रवाना किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि 11 जनवरी 2026 से आगामी एक माह तक जिले के छः विकासखण्डों में छः कृषि रथों के माध्यम से कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि व संबद्ध विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन तीन ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया जाएगा। इस हेतु विकासखंडवार रूट चार्ट तैयार किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले की कुल 375 ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया जाएगा।
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि रथों के माध्यम से किसानों के गांवों तक पहुँचकर नवीन, आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, कृषि एवं संबद्ध विषयों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास सिंचाई की पर्याप्त सुविधा है, उन्हें जायद मौसम की उपयुक्त फसलों की जानकारी दी जाएगी, जिससे किसान उन्नत तकनीक अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। महिला किसान बहनों की कृषि में महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उन्हें भी विशेष रूप से तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के विकास के लिए सतत चिंतित है। इसी क्रम में शासन द्वारा ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन आधारित उर्वरक वितरण व्यवस्था लागू की गई है, जिससे किसानों को अब उर्वरक प्राप्त करने हेतु लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा तथा उनके मोबाइल पर ही खाद की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु विकासखंडवार रूट चार्ट के अनुसार कृषि रथों के माध्यम से किसानों को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। उप संचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत ने कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कृषि रथ अभियान के माध्यम से कृषि वैज्ञानिकों एवं किसानों के मध्य सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे किसानों को कृषि एवं संबद्ध विषयों की वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधिगण श्री बहादुर सिंह हटिला , श्री हारुभाई, श्री मांगीलाल भूरिया , अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री भास्कर गाचले, परियोजना संचालक आत्मा जी.एस. त्रिवेदी, सहायक संचालक उद्यानिकी बहादुरसिंह चौहान , सहायक संचालक मत्स्य श्री दिलीप सोलंकी तथा कृषि विभाग के जिला एवं मैदानी अधिकारी व बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


