उन्नत बीज और वैज्ञानिक तकनीक ने बदली किसान की तकदीर, मूंगफली की खेती से कमाए 1.18 लाख
05 फरवरी 2026, भोपाल: उन्नत बीज और वैज्ञानिक तकनीक ने बदली किसान की तकदीर, मूंगफली की खेती से कमाए 1.18 लाख – कृषि विभाग की केन्द्र प्रवर्तित नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल-ऑयल सीड योजना मुंगेली जिले के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। योजना के अंतर्गत प्रदाय उन्नत बीज एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर मुंगेली विकासखंड के ग्राम बरईदहरा निवासी कृषक नागेश्वर सिंह परिहार ने खरीफ मौसम में मूंगफली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि प्राप्त करते हुए 1.18 लाख रुपये की आय अर्जित की है।
59 वर्षीय कृषक श्री परिहार स्नातक (बी.ए.) शिक्षित हैं और पारंपरिक कृषि अनुभव के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने में अग्रसर रहते हैं। उनके पास कुल 2 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें से 1.5 हेक्टेयर क्षेत्र में उन्होंने उक्त योजना के अंतर्गत मूंगफली फसल का उत्पादन किया। कृषि विभाग द्वारा उन्हें 1.5 हेक्टेयर के लिए 150 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता युक्त मूंगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
योजना के तहत विभागीय अमले एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा उन्हें कतार बोनी, बीजोपचार, जैविक आदानों के उपयोग, गुणवत्तायुक्त बीज चयन तथा समुचित फसल प्रबंधन की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, योजनांतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मूंगफली फसल की संपूर्ण शस्य क्रियाएँ, फसल की क्रांतिक अवस्थाएँ, खाद एवं उर्वरक का समन्वित उपयोग तथा बीज उत्पादन के मापदण्डों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में प्राप्त वैज्ञानिक सलाहों को अपनाकर परिहार ने फसल प्रबंधन को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मूंगफली फसल का उत्पादन पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक रहा। निःशुल्क बीज उपलब्ध होने से बीज क्रय पर होने वाला व्यय भी बचा, जिससे उनकी आय में प्रत्यक्ष वृद्धि हुई। कृषक परिहार ने योजना को अत्यंत उपयोगी बताते हुए अन्य कृषकों से भी शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की अपील की है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


