राज्य कृषि समाचार (State News)

धार कृषि विज्ञान मेले में मिलेट ब्रांडिंग पर फोकस: 1500 से अधिक किसान हुए शामिल, 40 लाख के यंत्र खरीदे

16 फरवरी 2026, धार: धार कृषि विज्ञान मेले में मिलेट ब्रांडिंग पर फोकस: 1500 से अधिक किसान हुए शामिल, 40 लाख के यंत्र खरीदे – धार में आयोजित तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले के अंतिम दिवस मिलेट ब्रांडिंग गैलरी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मेले में 1500 से अधिक किसानों ने सहभागिता की और आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रसंस्करण इकाइयों तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मिलेट गैलरी में प्रसंस्करण से तीन गुना लाभ की जानकारी

मिलेट ब्रांडिंग गैलरी में श्रीअन्न ज्वार, बाजरा, कोदो-कुटकी और रागी के बीजों के साथ-साथ इनसे तैयार पापड़, खाखरा, नूडल्स, पोहा, परमल और बिस्किट जैसे उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। कृषकों को बताया गया कि प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के माध्यम से इन फसलों से तीन गुना तक अधिक लाभ अर्जित किया जा सकता है। वैज्ञानिकों ने मिलेट के पोषण गुणों और बढ़ती बाजार मांग पर भी प्रकाश डाला।

तकनीकी सत्रों में उन्नत खेती पर जोर

तकनीकी सत्र में कृषि वैज्ञानिकों ने मृदा परीक्षण को अनिवार्य बताते हुए रिपोर्ट के आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग की सलाह दी। गर्मी की फसलों में मूंगफली, तिल, बाजरा, उड़द और मूंग की बोनी तथा खरीफ में हाई डेनसिटी पद्धति से लम्बे रेशे के कपास उत्पादन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही एग्रीस्टेक पोर्टल से जुड़कर फार्म आईडी बनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया।

आधुनिक कृषि यंत्रों की रिकॉर्ड खरीदी

मेले में 85 से अधिक कृषि प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें उर्वरक, बीज, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, आधुनिक कृषि यंत्र, सिंचाई उपकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े स्टॉल शामिल थे। तीन दिनों में किसानों द्वारा लगभग 40 लाख रुपये के आधुनिक कृषि यंत्र खरीदे गए, जिनमें स्वचलित रिपर कंबाइनर, स्ट्रॉरिपर, ट्रैक्टर एवं अन्य उपकरण शामिल हैं।

नरवाई प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर संदेश

विशेष सत्र में किसानों को उन्नत कटाई यंत्रों के उपयोग एवं नरवाई न जलाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नरवाई जलाने से मृदा की उर्वरता और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए वैकल्पिक उपाय अपनाना आवश्यक है।

किसानों को सम्मानित किया गया

मेले के दौरान प्रश्नोत्तरी, लकी ड्रॉ एवं प्रदर्शनियों के मूल्यांकन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषकों, कंपनियों और विभागों को पुरस्कार व प्रशंसा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements