Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में खेती जोरों पर! खरीफ फसलों का 75% रकबा कवर, किसानों को मिले रिकॉर्ड बीज

23 जुलाई 2025, रायपुर: छत्तीसगढ़ में खेती जोरों पर! खरीफ फसलों का 75% रकबा कवर, किसानों को मिले रिकॉर्ड बीज – छत्तीसगढ़ में इस बार खरीफ सीजन में खेती-किसानी तेजी से आगे बढ़ रही है। पूरे प्रदेश में अब तक 36.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी खरीफ फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 75 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में कुल 48.85 लाख हेक्टेयर में फसल बोने का लक्ष्य रखा है।

किसानों को मिल रहा हर संभव सहयोग

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को खेती-किसानी में किसी भी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा है कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग लगातार इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहा है।

खाद-बीज का रिकॉर्ड वितरण

कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अब तक प्रदेश के किसानों को 10.20 लाख मीट्रिक टन खाद और 7.22 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। खरीफ 2025 के लिए राज्य सरकार ने कुल 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा था। लेकिन इस बार सभी स्रोतों से 7.88 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया और 7.22 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया गया है, जो लक्ष्य का 146 प्रतिशत है। पिछले साल यानी खरीफ 2024 में बीज निगम से 4.64 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया गया था।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

खाद वितरण भी तेज रफ्तार में

खाद वितरण में भी इस बार अच्छी प्रगति देखी गई है। इस खरीफ सीजन के लिए कुल 14.62 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक सहकारी और निजी क्षेत्रों में 13.78 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है और 10.20 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 70 प्रतिशत है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

बारिश का भी मिल रहा भरपूर साथ

राज्य में अच्छी बारिश भी किसानों के लिए राहत बनी हुई है। 21 जुलाई 2025 की स्थिति में प्रदेश में औसतन 446.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पूरे साल की औसत वर्षा 1238.7 मिलीमीटर मानी जाती है। इस वजह से किसानों की खेती का रकबा लगातार बढ़ रहा है।

गड़बड़ी पर सख्त नजर

खाद और बीज वितरण की व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण कर नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को समय पर पूरा लाभ मिल सके।

छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन में खेती का यह सकारात्मक रुख किसानों के लिए राहत भरा साबित हो रहा है। सरकारी प्रयास और मौसम का साथ किसानों को अच्छी फसल दिलाने में मददगार बन रहा है।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com