राज्य कृषि समाचार (State News)

नर्मदापुरम में जिला स्तरीय बीज सखी उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न

19 मार्च 2026, नर्मदापुरम: नर्मदापुरम में जिला स्तरीय बीज सखी उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न – मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत नर्मदापुरम अंतर्गत स्थानीय जैव विविधता और देशी बीजों के संरक्षण के लिए गत दिवस जिला स्तरीय ‘परंपरागत बीज संरक्षण एवं बीज सखी उन्मुखीकरण कार्यशाला’ का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में सीईओ जिला पंचायत नर्मदापुरम श्री हिमांशु जैन ने सभी बीज सखियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में सीखे गए कार्यों को केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि पूरी गंभीरता के साथ जमीनी स्तर (धरातल) पर उतारें। प्रशिक्षण जिला प्रबंधक कृषि आदित्य शर्मा औऱ मास्टर ट्रेनर कृषि सखी, सरिता दामले द्वारा दिया गया। कृषि विभाग एवं स्वयंसेवी संगठनों के विशेषज्ञों ने भी बीज बैंक स्थापना और बीजों के संरक्षण पर अपना मार्गदर्शन दिया। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण में सखियों द्वारा गांवों से लाए गए पारंपरिक देशी बीजों के नमूनों पर भी विस्तृत चर्चा की।  

जिला परियोजना प्रबंधक आशीष शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत, नर्मदापुरम अंतर्गत बीज सखियां गांवों में स्थानीय बीज बैंक स्थापित कर संकर बीजों पर किसानों की निर्भरता कम करने का महत्वपूर्ण कार्य करेंगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जिला पंचायत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी विकास खंडों से चयनित बीज सखियों और मिशन स्टाफ ने हिस्सा लिया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements