मध्यप्रदेश की 168 ग्राम पंचायतों में डिजिटल सशक्तिकरण की पहल
19 फरवरी 2026, नई दिल्ली: मध्यप्रदेश की 168 ग्राम पंचायतों में डिजिटल सशक्तिकरण की पहल – दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित “समृद्ध ग्राम पंचायत” परियोजना के अंतर्गत देशभर में 4012 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें मध्यप्रदेश की 168 ग्राम पंचायतें सम्मिलित हैं। परियोजना का उद्देश्य चयनित ग्राम पंचायतों को दूरसंचार एवं डिजिटल सुविधाओं से सशक्त बनाते हुए उन्हें “समृद्ध ग्राम पंचायत” के रूप में विकसित करना है।
परियोजना के प्रमुख उद्देश्य – ग्राम पंचायतों में दूरसंचार एवं इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार। ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन भुगतान एवं ई-गवर्नेंस सुविधाओं से जोड़ना। शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लाभों की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुँचाना।डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देकर ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना।
हरि गोविंद सिंह धाकड़, नियंत्रक संचार लेखा, मध्य प्रदेश द्वारा 16 से 18 फरवरी तक बैतूल जिले की ग्राम पंचायत खेड़ी सवालीघड़, ढाबा, भीमपुर, चुनागोसाई एवं हीरापुर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दूरसंचार सेवाओं की उपलब्धता, डिजिटल कनेक्टिविटी, वित्तीय समावेशन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचार अवसंरचना की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का अवलोकन करते हुए ग्राम सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर “समृद्ध ग्राम पंचायत” परियोजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं इसके अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल भुगतान, आधार आधारित सेवाओं एवं दूरसंचार सुविधाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में जागरूक किया। साथ ही ग्राम स्तर पर नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार, उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली तथा सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया गया, जिनके त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। “समृद्ध ग्राम पंचायत” परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, डिजिटल सशक्तिकरण एवं संचार सेवाओं के विस्तार की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्राम स्तर पर सुशासन एवं पारदर्शिता को बढ़ावा मिल सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

