धार: ब्लूबेरी की नई किस्म से पॉलीहाउस में फूलों की खेती तक, अधिकारियों ने आधुनिक उद्यानिकी खेती का किया निरीक्षण
19 सितंबर 2026, धार: धार: ब्लूबेरी की नई किस्म से पॉलीहाउस में फूलों की खेती तक, अधिकारियों ने आधुनिक उद्यानिकी खेती का किया निरीक्षण – मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत धार जिले में अपनाई जा रही आधुनिक उद्यानिकी खेती और किसानों के नवाचारों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। प्रमुख सचिव सहकारिता विभाग डीपी आहूजा और कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने तिलगारा और रूपाखेड़ा गांव पहुंचकर किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक एवं संरक्षित खेती की जानकारी ली।
तिलगारा में ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी की खेती देखी
तिलगारा में किसान वासुदेव के खेत पर ब्लूबेरी की खेती का निरीक्षण किया गया। किसान ने बताया कि पहले खेत में बिलॉक्सी किस्म की ब्लूबेरी लगाई गई थी। इस वर्ष अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता के उद्देश्य से बाहर से ‘अजरा ब्लू’ किस्म के पौधे लाकर लगाए गए हैं। अधिकारियों ने पौधों के प्रबंधन, उत्पादन, बाजार और खेती की संभावनाओं की जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने तकनीक, पौधों की वृद्धि, उत्पादन क्षमता, सिंचाई और फसल प्रबंधन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। खेत में स्ट्रॉबेरी की फसल का भी निरीक्षण कर उत्पादन और विपणन की जानकारी ली गई।
रूपाखेड़ा में पॉलीहाउस में फूलों की खेती
रूपाखेड़ा में किसान जमनालाल पारिडा के खेत पर पॉलीहाउस में की जा रही संरक्षित खेती का निरीक्षण किया गया। यहां गुलाब, जरबेरा और जिप्सोफिला की खेती आधुनिक तकनीक से की जा रही है। अधिकारियों ने फसल प्रबंधन और फूलों के उत्पादन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही अमरूद के बगीचे तथा नीले और सफेद डेजी की फसल भी देखी गई।
फसल विविधीकरण और आधुनिक तकनीक पर चर्चा
इस दौरान किसानों से उद्यानिकी फसलों से होने वाली आय, फसल विविधीकरण और आधुनिक तकनीक के उपयोग की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने ब्लूबेरी, स्ट्रॉबेरी, गुलाब, जरबेरा, जिप्सोफिला, अमरूद सहित अन्य उद्यानिकी फसलों के उत्पादन, तकनीकी प्रबंधन और विपणन पर चर्चा की। अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों से जिले में किए जा रहे नवाचारों और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी भी ली। जिले के किसान आधुनिक एवं संरक्षित खेती को अपनाकर विभिन्न उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान बदनावर एसडीएम प्रियंका मिमरोट सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


