विदेशों में बढ़ी मध्यप्रदेश के कोदो-कुटकी की मांग, तीन साल में 550 करोड़ रुपये का निर्यात
26 नवंबर 2026, भोपाल: विदेशों में बढ़ी मध्यप्रदेश के कोदो-कुटकी की मांग, तीन साल में 550 करोड़ रुपये का निर्यात – मध्यप्रदेश में श्रीअन्न (मिलेट) का उत्पादन और निर्यात लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को श्रीअन्न उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के परिणामस्वरूप पिछले तीन वर्षों में प्रदेश से कुटकी, कोदो और सांवा का करीब 550 करोड़ रुपये मूल्य का निर्यात हुआ है। मध्यप्रदेश के श्रीअन्न की मांग यूएई, अमेरिका और यूरोप के देशों में बढ़ रही है। इससे जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। देश में भी मिलेट से बने पौष्टिक आहार की मांग बढ़ रही है।
औषधीय गुणों और पौष्टिकता के कारण दुनियाभर में श्रीअन्न की लोकप्रियता बढ़ रही है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, विटामिन-बी, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। वैश्विक बाजार में बढ़ती मांग के चलते श्रीअन्न किसानों के लिए आर्थिक लाभ देने वाली फसल बन रहा है।
तीन साल में लगातार बढ़ा श्रीअन्न का निर्यात
मुख्यमंत्री की पहल पर तैयार की गई श्रीअन्न उत्पादन की रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में मध्यप्रदेश से कुटकी, कोदो और सांवा का कुल 1 अरब 83 करोड़ रुपये मूल्य का निर्यात हुआ। इसमें 49 करोड़ 30 लाख रुपये की कुटकी, 1 अरब 26 करोड़ रुपये का कोदो और 7.48 करोड़ रुपये मूल्य का सांवा शामिल था।
इसी तरह वर्ष 2025-26 में इन तीनों मिलेट का निर्यात बढ़कर 2 अरब 24 करोड़ 32 लाख रुपये पहुंच गया। इसमें 94.54 करोड़ रुपये की कुटकी, 1 अरब 19 करोड़ रुपये का कोदो और 10.1 करोड़ रुपये मूल्य का सांवा निर्यात किया गया। वर्ष 2026 में अब तक मंडियों से 1 अरब 42 करोड़ 55 लाख रुपये मूल्य की इन फसलों का निर्यात हुआ है। इसमें 55.54 करोड़ रुपये की कुटकी, 78.86 करोड़ रुपये का कोदो और 8.14 लाख रुपये मूल्य का सांवा शामिल है।
16 जिलों में पहली बार हो रही श्रीअन्न की खरीदी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को श्रीअन्न उत्पादन से आर्थिक लाभ दिलाने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न उत्पादन प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के 16 जिलों में पहली बार श्रीअन्न की खरीदी की जा रही है। इनमें जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, बालाघाट, सिवनी, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं।
योजना के तहत किसानों से कोदो-कुटकी की खरीदी पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इसके लिए 15 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। इन किसानों के करीब 21 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को योजना में शामिल किया गया है। सरकार ने दो साल बाद कुटकी का खरीदी मूल्य 3,500 रुपये से बढ़ाकर 3,600 रुपये प्रति क्विंटल और कोदो का मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 2,600 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस वर्ष 32,500 मीट्रिक टन मिलेट की खरीदी की तैयारी है, जबकि पिछले साल 3,000 मीट्रिक टन की खरीदी हुई थी।
जनजातीय क्षेत्रों में कोदो-कुटकी की खेती को बढ़ावा
कृषक कल्याण वर्ष-2026 में राज्य सरकार श्रीअन्न का उत्पादन बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय बहुल क्षेत्रों में पारंपरिक कोदो-कुटकी की किस्मों को संरक्षित करने और इनका उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। प्रदेश में मुख्य रूप से मंडला, जबलपुर, डिंडोरी, बालाघाट, कटनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में कोदो-कुटकी की खेती होती है।
इनमें डिंडोरी में 19 हजार हेक्टेयर, उमरिया में 12,700 हेक्टेयर, मंडला में 12 हजार हेक्टेयर, शहडोल में 10 हजार हेक्टेयर, जबलपुर में 7,500 हेक्टेयर और कटनी में 6,500 हेक्टेयर क्षेत्र में कोदो-कुटकी की खेती की जा रही है।
सिताही और नागदमन कुटकी को मिला जीआई टैग
मध्यप्रदेश की सिताही कुटकी और नागदमन कुटकी को जीआई टैग प्राप्त है। सिताही कुटकी लिटिल मिलेट की देशी किस्म है, जो करीब 60 दिनों में तैयार हो जाती है। यह वर्षा आधारित क्षेत्रों और देर से बुवाई की परिस्थितियों के लिए उपयुक्त है। सूखे, नमी की कमी और शूट फ्लाई जैसे प्रमुख कीटों के साथ ग्रेन स्मट और ब्राउन स्पॉट जैसी बीमारियों का सामना करने की क्षमता इसे खास बनाती है।
मध्यम ऊंचाई और मोटे तने के कारण इस फसल के गिरने की समस्या भी कम रहती है। इसे पहाड़ी, ऊबड़-खाबड़ और कमजोर मिट्टी वाले क्षेत्रों में भी उगाया जा सकता है। यह विशेष रूप से डिंडोरी के बैगा और गोंड जनजाति के किसानों के लिए अच्छी आय का माध्यम बन सकती है।
डिंडोरी में सिताही कुटकी की खेती का क्षेत्र बढ़कर 10,395 हेक्टेयर हो गया है। यहां इसकी औसत पैदावार 10 से 11 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। इससे स्थानीय लोगों की आजीविका के साथ भोजन और पोषण सुरक्षा को भी मजबूती मिली है। डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, उमरिया, बालाघाट और जबलपुर के कुछ हिस्सों के करीब 60 हजार आदिवासी किसान इससे लाभान्वित हो सकते हैं। डिंडोरी के पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों के 54 गांवों के किसानों को भी इसका लाभ मिला है। इन क्षेत्रों में दूसरी रबी फसलों की खेती नहीं होती है।
नागदमन कुटकी डिंडोरी जिले की विशिष्ट स्थानीय किस्म है। यह अपने औषधीय गुणों और उच्च पोषण मूल्य के लिए जानी जाती है। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर राष्ट्रीय स्तर पर सिताही कुटकी का ब्रांड नाम स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। इससे बाजार में नए अवसर खुलने और मिलेट उत्पादक जनजातीय किसानों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
मिलेट उत्पादन से महिलाओं और बच्चों को भी लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि विशेषज्ञों को जनजातीय जिलों में कोदो-कुटकी की पारंपरिक किस्मों को संरक्षित करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सीधी, जबलपुर, डिंडोरी, मंडला और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में किसानों को जोड़ा गया है।
सहरिया जनजाति बहुल श्योपुर जिले में बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए मिलेट आधारित व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और एकीकृत बाल विकास योजना के अमले को मिलेट से व्यंजन बनाने और उनके पौष्टिक गुणों की जानकारी दी गई है। जिले में 130 एकड़ क्षेत्र में कोदो-कुटकी की खेती हो रही है, जिसमें करीब 200 किसान जुड़े हैं। इस पहल से 2,000 बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हुआ है।
वहीं, डिंडोरी के समनापुर ब्लॉक में महिला किसानों को भी कोदो-कुटकी उत्पादन से जोड़ा गया है। यहां 32 गांवों की 1,250 महिला किसान इसकी खेती कर रही हैं। प्रत्येक महिला किसान के पास औसतन ढाई एकड़ कृषि भूमि है। पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में कोदो-कुटकी का उत्पादन बढ़ा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


