पांढुर्ना में जैविक हाट बाजार से कलेक्टर ने की खरीदी
किसानों और आम जनता को मिला स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों का लाभ
09 जनवरी 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत, पांढुर्ना): पांढुर्ना में जैविक हाट बाजार से कलेक्टर ने की खरीदी – पांढुर्णा जिले में आम जनता को स्वस्थ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा प्राकृतिक/जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप एवं कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में जैविक प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाजार का शुभारंभ किया गया है। यह बाजार प्रत्येक गुरुवार को नगर निगम के शुक्रवार बाजार में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
इसी क्रम में गुरुवार को सुबह 10 बजे से शुक्रवार बाजार में जैविक प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाजार का आयोजन किया गया। इस बाजार में जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों ने अपने उत्पाद विक्रय के लिए प्रस्तुत किए। दोपहर 3 बजे तक कृषकों द्वारा लाए गए उत्पाद का सफलतापूर्वक विक्रय हो चुका था। आम नागरिकों का इस बाजार के प्रति उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। जैविक हाट बाजार में किसानों द्वारा आलू, देशी (छोटे) टमाटर, हरा मटर, मेथी एवं पालक भाजी, हरी धनिया, हरी प्याज, अरहर फली, दूधमोगरा फली, ज्वार एवं मक्का आटा, हल्दी पाउडर, कच्ची हल्दी, हरी मिर्च, अचार, पापड़, चना भाजी आदि उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध कराए गए थे।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ सह परिवार गुरुवार को जैविक हाट में उपस्थित हुए और बाजार से किसानों द्वारा लाए गए जैविक उत्पाद की खरीदी की। उन्होंने उपस्थित किसानों से चर्चा की और उनके द्वारा लाए गए उत्पादों की सराहना की। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार को रसायनमुक्त सब्जियां, अनाज, दाले आदि खिलाएं ताकि सभी बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गुरुवार को लगने वाले जैविक हाट बाजार से रसायनमुक्त उत्पाद अवश्य खरीदे। जैविक हाट बाजार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा भी जैविक उत्पादों की खरीदी की गई। यह हाट बाजार किसानों के लिए आय का साधन बनने के साथ-साथ आम जनता के लिए स्वास्थ्यवर्धक और रसायनमुक्त भोजन का भरोसेमंद स्रोत बनता जा रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


