राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा: उद्यानिकी फसलों से अंकित कमा रहे लाखों का मुनाफा

16 मार्च 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: उद्यानिकी फसलों से अंकित कमा रहे लाखों का मुनाफा – छिंदवाड़ा जिले के विकासखंड परासिया के ग्राम शीलादेही के प्रगतिशील युवा किसान श्री अंकित पवार ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को लाभकारी बना लिया है। विभागीय मार्गदर्शन और शासन की योजनाओं की मदद से खेती की उन्नत तकनीकों को अपनाकर अब वे उद्यानिकी फसलों के उत्पादन से लाखों रूपए का मुनाफा कमा रहे हैं।

श्री पवार पहले परंपरागत तरीके से खेती करते थे, जिससे उन्हें  4.006 हेक्टेयर भूमि से सीमित लाभ ही मिल पाता था। प्रारंभिक समय में वे खरीफ में स्वीट कॉर्न, रबी में आलू तथा जायद में खरबूजे की खेती करते थे। उस समय कुल उत्पादन लगभग 41 टन होता था और मुख्य रूप से खरबूजे की खेती से लगभग 2 लाख रुपये की आय प्राप्त होती थी। सिंचाई के लिए ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद आधुनिक तकनीकों के अभाव में खेती की पूरी क्षमता का उपयोग नहीं हो पा रहा था।

 वर्ष 2015–16 में श्री अंकित पवार ने उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का लाभ लिया। योजना के माध्यम से उन्होंने उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक, दवाओं का सही उपयोग तथा आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाना शुरू किया। इसके परिणामस्वरूप उनकी खेती की उत्पादकता और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। अब वे प्रति एकड़ लागत निकालकर लगभग 40–50 हजार रुपये के मान से 4.50 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित करने लगे हैं। आधुनिक खेती को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वर्ष 2024–25 में उन्हें उद्यानिकी विभाग की पॉलीहाउस योजना का लाभ प्राप्त हुआ। लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थापित पॉलीहाउस के माध्यम से वे विभिन्न प्रकार की साग-भाजी के पौधों की नर्सरी तैयार कर रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त होने लगी है। साथ ही उन्नत खेती के कारण उनके खेतों में उत्पादन भी बढ़ा है। वर्तमान में वे खरबूजे का लगभग 25 टन तथा आलू का लगभग 30 टन उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।

खेती से बढ़ती आय के कारण श्री पवार ने कृषि कार्यों को और अधिक सुगम बनाने के लिए ट्रैक्टर, रोटावेटर जैसे कृषि उपकरण भी खरीदे हैं। इन आधुनिक साधनों के उपयोग से खेतों की तैयारी, बुवाई तथा अन्य कृषि कार्य समय पर और कुशलतापूर्वक हो रहे हैं। इसके कारण अब वे वर्ष में 3 से 4 फसलें लेकर अपनी आय में निरंतर वृद्धि कर रहे है  युवा किसान श्री अंकित पवार की आज आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी सुदृढ़ हो चुकी है। उनके परिवार के सदस्य बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले पा रहे हैं तथा परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर हुआ है।  श्री पवार कहते हैं कि शासन की योजनाओं और उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन ने उनकी खेती की दिशा बदल दी है। यदि किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ लें तो खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements