छत्तीसगढ़: किसान सुखदेव सिदार ने अपनाया फसल विविधीकरण, सन बीज की खेती से होगी 4 लाख रुपये तक की कमाई
03 अगस्त 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़: किसान सुखदेव सिदार ने अपनाया फसल विविधीकरण, सन बीज की खेती से होगी 4 लाख रुपये तक की कमाई – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड स्थित ग्राम केराटीकरा के किसान सुखदेव सिदार ने फसल विविधीकरण अपनाकर खेती में नई मिसाल पेश की है। पारंपरिक धान की खेती पर निर्भर रहने के बजाय उन्होंने इस वर्ष धान का रकबा कम कर चार एकड़ में सन बीज (फ्लैक्स) की खेती शुरू की है। कृषि विभाग के मार्गदर्शन और बीज निगम के सहयोग से शुरू की गई इस पहल से उन्हें करीब 4 लाख रुपये तक की आय होने की उम्मीद है।
कृषि विभाग के सहयोग से मिली नई राह
करीब 40 से 50 एकड़ भूमि पर खेती करने वाले सुखदेव सिदार को कृषि विभाग के माध्यम से बीज निगम रायगढ़ द्वारा सन का आधार बीज उपलब्ध कराया गया। इसके बाद उन्होंने चार एकड़ क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से सन बीज की बुवाई की।
कृषि विभाग के अनुसार इस फसल से करीब 30 क्विंटल उत्पादन होने का अनुमान है। तैयार बीज की खरीदी बीज निगम रायगढ़ करेगा। यदि संभावित 15 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर मिलती है, तो किसान को लगभग 4 लाख रुपये की आय प्राप्त हो सकती है।
धान के साथ सुगंधित जवाफूल की भी खेती
सुखदेव सिदार ने केवल सन बीज की खेती ही नहीं अपनाई, बल्कि इस वर्ष तीन से चार एकड़ क्षेत्र में रायगढ़ की प्रसिद्ध सुगंधित जवाफूल धान की खेती भी की है। इससे वे पारंपरिक कृषि विरासत को भी आगे बढ़ा रहे हैं और बाजार की मांग के अनुसार विभिन्न फसलों का उत्पादन कर रहे हैं।
डेयरी और जैविक खेती से घटा रहे लागत
खेती के साथ-साथ सुखदेव सिदार डेयरी व्यवसाय से भी जुड़े हैं। उनके पास चार से पांच अच्छी नस्ल की गाय हैं, जिनसे प्राप्त गोबर का उपयोग वे जैविक खाद बनाने में करते हैं। इस जैविक खाद का इस्तेमाल अपनी फसलों में करने से खेती की लागत कम हुई है और भूमि की उर्वरता भी बनी हुई है।
इसके अलावा उन्होंने वन विभाग के सहयोग से लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में सागौन का पौधारोपण भी किया है, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार हो सके।
कृषक उन्नति योजना से मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलें उगाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। सुखदेव सिदार भी इस योजना के लाभार्थियों में शामिल होंगे।
किसानों को फसल विविधीकरण के लिए किया जा रहा प्रेरित
कृषि विभाग लगातार किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके लिए उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का मानना है कि धान के साथ अन्य लाभकारी फसलों की खेती अपनाने से किसानों की आय बढ़ेगी, खेती अधिक टिकाऊ बनेगी और कृषि क्षेत्र में आर्थिक स्थिरता आएगी।
सुखदेव सिदार की पहल यह दर्शाती है कि यदि किसान पारंपरिक खेती के साथ वैकल्पिक और बाजार आधारित फसलों को अपनाएं, तो कम समय में बेहतर आय अर्जित कर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

