राज्य कृषि समाचार (State News)

सिवनी में कृषि मेला आयोजित, एक्सपर्ट्स ने किसानों को प्राकृतिक खेती व तिलहन उत्पादन बढ़ाने के नए उपाय बताए

26 मार्च 2026, सिवनी: सिवनी में कृषि मेला आयोजित, एक्सपर्ट्स ने किसानों को प्राकृतिक खेती व तिलहन उत्पादन बढ़ाने के नए उपाय बताए – मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में तिलहन तथा मोटे अनाज के उत्‍पादन तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्‍साहित करने के उद्देश्‍य से बुधवार 25 मार्च को राज्‍य बीज एवं फार्म विकास निगम परिसर में कृषि मेले का आयोजन किया गया। राष्‍ट्रीय खाद्य तेल मिशन- तिलहन एवं राज्‍य  मिलेट मिशन अंतर्गत आयोजित कृषि मेले में किसानों को प्राकृतिक खेती, पराली प्रबंधन, फार्मर रजिस्‍ट्री, ई-विकास प्रणाली तथा नवीन कृषि तकनीकी उपकरणों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित कर पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि हमें यह विचार करना होगा कि हम आने वाली पीढ़ी के लिए क्या छोड़कर जाएंगे।

उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं दवाओं के अत्यधिक उपयोग से खाद्यान्न एवं सब्जियां विषैली होती जा रही हैं, जिससे अनेक बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अधिक पानी वाली फसलों के कारण भूजल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने एवं नवीन तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने अपने उद्बोधन में किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेती में नई तकनीकों और नवाचार को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने अपने उद्बोधन में कहा कि कृषि मानव जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने बताया कि एक समय देश को अन्न के लिए अन्य देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसके बाद उत्पादन बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि उत्पादन के साथ-साथ प्रकृति और मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ा जाए।

कलेक्टर श्रीमती पटले ने प्राकृतिक खेती के लाभ एवं फसल विविधता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। मेले में आयोजित परिचर्चा में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर कृषि विभाग सहित अन्य विभागों एवं निजी कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाकर उन्नत बीज, उर्वरक, पौध संरक्षण एवं आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, जिला पंचायत सदस्‍य श्री घनश्‍याम सनोडिया सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान बंधुओं की उपस्थिति रही।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultur

Advertisements