राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों की आय बढ़ाने फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन अपनाएं: सीएम मोहन यादव

21 अगस्त 2026, भोपाल: किसानों की आय बढ़ाने फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन अपनाएं: सीएम मोहन यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई तकनीक और नवाचार ने खेती में समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं। आने वाले समय में कृषि उद्योग ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और समृद्धि के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल उत्पादन के साथ दुग्ध उत्पादन और मछली पालन अपनाकर किसान अपनी आय को कई गुना बढ़ा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अशोकनगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

अशोकनगर के किसान प्रदेश के लिए मिसाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अशोकनगर के अन्नदाता अपनी मेहनत से प्रदेशभर के किसानों के लिए मिसाल बन रहे हैं। अशोकनगर की चंदेरी साड़ी ने मध्यप्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाई है, वहीं जिले के शरबती गेहूं का स्वाद बेजोड़ है और देशभर में इसकी मांग है। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि जिले के किसानों की रुचि धनिया और गुलाब जैसी उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कम बारिश की चुनौती के बीच DRS तकनीक से धान की रोपाई का रकबा बढ़ाकर अशोकनगर के किसानों ने आपदा को अवसर में बदला है। फसल विविधीकरण के कारण जिले में चना और मसूर का रकबा भी बढ़ा है।

किसान और जवान की भूमिका समान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान, महिला, गरीब और युवा चारों वर्ग राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं। किसान के समृद्ध और खुशहाल होने से ही पूरा समाज अन्न और धन-धान्य से परिपूर्ण रहेगा। सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका समान है, दोनों ही देश के लिए समर्पित हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ किसान हित में कार्य कर रही है। इसी के परिणामस्वरूप पूरा साल किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान का अर्थ ही स्वावलंबन है। अपने बलबूते पर परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के पालन-पोषण के लिए अन्न का कटोरा भरने का सामर्थ्य किसानों में ही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खेती को लाभप्रद बनाने के लिए प्रदेश में बिजली और पानी की व्यवस्था के साथ खेतों तक सड़क संपर्क उपलब्ध कराने का काम जारी है। किसानों की सुविधा के लिए साल में एक ही बार खाते को क्लियर करने की व्यवस्था की गई है। कृषि भूमि के भू-अर्जन पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाएगा।

किसानों को मिल रही कई सौगातें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 से 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कुछ माह बाद किसानों को दिन में ही पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। लाड़ली बहना योजना और किसान सम्मान निधि से भाई-बहनों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि बड़ी राशि की सब्सिडी के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पांच, सात और 10 हॉर्स पावर के बिजली पंपों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह राज्य सरकार की ओर से किसानों को दिया जा रहा सहयोग है। किसानों की आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा और उनके संवर्धन के लिए भी राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। सांदीपनि विद्यालय के साथ प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं को भी बेहतर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को दी त्योहारों की बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन्माष्टमी, बलराम जयंती और रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों की किसानों को बधाई दी। उन्होंने अशोकनगर के बलराम कृषि महोत्सव में उपस्थित किसानों से वर्चुअली संवाद भी किया। कार्यक्रम में विधायक हेमंत खंडेलवाल और किसान जयपाल चावड़ा उपस्थित रहे। विधायक मुंगावली बृजेंद्र सिंह यादव और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्मवीर रघुवंशी ने अशोकनगर को विभिन्न सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture