राज्य कृषि समाचार (State News)

धान की खेती में नया प्रयोग! ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक से बढ़ेगी पैदावार, मिट्टी भी होगी उपजाऊ

14 जुलाई 2026, नई दिल्ली: धान की खेती में नया प्रयोग! ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक से बढ़ेगी पैदावार, मिट्टी भी होगी उपजाऊ – खरीफ सीजन में धान की पैदावार बढ़ाने और मिट्टी की उर्वरता में सुधार के लिए कृषि विभाग ने बालाघाट जिले में ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक का प्रदर्शन शुरू किया है। विकासखंड कटंगी के ग्राम सुकली में प्रगतिशील किसान वैभव पालीवाल के 5 एकड़ खेत में इस तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। कृषि विभाग का मानना है कि यह तकनीक कम लागत में बेहतर उत्पादन देने के साथ मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में भी मददगार साबित हो सकती है।

डीएसआर और ढैंचा के साथ किया जा रहा प्रयोग

कृषि विस्तार अधिकारी विशेष बागड़े के मार्गदर्शन में खेत के आधे हिस्से में डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) के साथ ढैंचा की बुवाई कर ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक अपनाई गई है। वहीं, शेष आधे हिस्से में केवल डीएसआर पद्धति से धान की बुवाई की गई है। इस तुलनात्मक प्रदर्शन का उद्देश्य यह पता लगाना है कि धान के साथ ढैंचा की खेती करने से मिट्टी की उर्वरता, पौधों की वृद्धि और उत्पादन पर कितना सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

कैसे काम करती है ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक?

कृषि विभाग के अनुसार ढैंचा एक उत्कृष्ट हरी खाद (ग्रीन मैन्योर) वाली फसल है। ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक में इसे धान के साथ शुरुआती अवस्था में उगाया जाता है। यह खरपतवार को नियंत्रित करने में मदद करता है और बाद में नष्ट होकर मिट्टी में जैविक पदार्थ एवं पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाता है। इससे मिट्टी की संरचना बेहतर होती है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में भी सहायता मिलती है।

कृषि विभाग दोनों हिस्सों में फसल की बढ़वार, पौधों के विकास, खरपतवार की स्थिति और अंतिम उत्पादन का नियमित अवलोकन करेगा। प्राप्त परिणामों के आधार पर यह आकलन किया जाएगा कि ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक पारंपरिक डीएसआर पद्धति की तुलना में कितनी प्रभावी है। कृषि विभाग का कहना है कि यदि इस प्रदर्शन के परिणाम सकारात्मक रहे, तो क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को ब्राउन मेन्यूरिंग तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन और टिकाऊ खेती को बढ़ावा मिल सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture