राज्य कृषि समाचार (State News)

घास की रस्सी बनाकर 200 परिवार हुए आत्मनिर्भर

वन विभाग की योजना से संवर रहा है गांव के लोगों का जीवन

17 फरवरी 2026, उज्जैन: घास की रस्सी बनाकर 200 परिवार हुए आत्मनिर्भर – वन विभाग द्वारा आयोजित श्री महाकाल वन मेले में वन परिक्षेत्र गाडरवारा वन मंडल नरसिंहपुर के ग्राम गोटीटोरिया गांव की सतपुड़ा बावेर हस्तकला केंद्र द्वारा वन उत्पाद के तहत बावेर घास से रस्सी बनाने और लकड़ी के माध्यम से सजावटी सामान बनाने का स्टॉल लगाया है। परंपरागत रूप से पहाड़ी क्षेत्र में मिलने वाली बावेर घास का उपयोग कर गोटीटोरिया गांव के करीब 200 परिवारों ने हैंडीक्राफ्ट निर्माण कार्य शुरु किया है। कलात्मक वस्तुओं का निर्माण कर महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनी है।

दशहरा मैदान पर आयोजित श्री महाकाल वन मेले में वन परिक्षेत्र गाडरवारा वन मंडल नरसिंहपुर के सतपुड़ा बावेर हस्तकला केंद्र का स्‍टॉल लगा है। वन परिक्षेत्र गाडरवारा के वन रंक्षक श्री अमन खरे ने बताया कि वन विभाग द्वारा समिति बनाकर वर्ष 2003 से बावेर घास से रस्‍सी का निर्माण की कार्ययोजना शुरु की थी। इस कार्य में ग्राम गोटीटोरिया के लोगों को जोड़कर परंपरागत रुप से पहाड पर मिलने वाली बावेर घास के माध्‍यम से रस्‍सी बनाने की प्रक्रिया शुरु की गई। समिति द्वारा 19 गांव के 200 परिवार को 41 हस्तचलित व इलेक्ट्रिक घास बनाने की मशीन देने के बाद प्रतिवर्ष 1 हजार क्विंटल बावेर घास की रस्‍सी का उत्‍पादन हो किया जाता है। जिसका वार्षिक टर्नओवर करीब 50 लाख रुपए है। वनरंक्षक श्री खेर ने बताया कि सामान्‍यत: कच्चे माल के रूप में बावेर घास वन विभाग की समिति द्वारा ₹22 किलो पर खरीदी कर समिति के माध्यम से रस्सी बनाने के काम में जुटे लोगों को दी जाती है। करीब 100 किलो घास में 95 किलो रस्सी का निर्माण किया जाता है। खास बात यह है कि रस्सी बनने के बाद इसकी खरीदी भी वन विभाग के द्वारा की जाती है। बावेर की रस्सी वन विभाग द्वारा बांस बंडल बांधने के काम में उपयोग लाई जाती है।

गांव वालों को केवल रस्सी बनाने के काम के एवज में ही 10 से ₹12000 प्रति माह की आमदनी हो रही है। वन विभाग की समिति द्वारा गांव की महिलाओं को एनटीपीसी के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिलाया गया। इसके बाद घरेलू कामकाज के बाद महिलाएं घास और लकड़ी से रोटी टोकरी, गुलदस्ते सहित सजावटी सामान बनाने के काम में जुटी रहती है। जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ हुई है। श्री खेर ने बताया कि समिति द्वारा तैयार बावेर रस्सी खरीदने के बाद प्रदेश के वन विभाग को सप्लाई की जाती है। आमतौर पर पहाड़ी क्षेत्र में मिलने वाली बावेर घास को परंपरागत रूप से भारिया जाति के लोग कटाई करते हैं। वनरक्षक श्री खेर ने बताया कि घास खरीदी 22 रुपए रस्‍सी बनवाई मजदूरी 33 रुपए कुल खर्च 55 रुपए होता है। वन विभाग के माध्‍यम से 59 रुपए प्रतिकिलों की दर से विभाग द्वारा रस्‍सी विक्रय की जाती है। इससे समिति को 4 रूपए प्रति किलो के हिसाब से आय प्राप्त होती है जिससे बिजली, गोदाम सुरक्षा और मशीनों के रखरखाव का कार्य किया जाता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements