राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में 14 नई सिंचाई परियोजनाओं को मिली मंजूरी, 1 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि होगी सिंचित

18 नवंबर 2025, रायपुर: छत्तीसगढ़ में 14 नई सिंचाई परियोजनाओं को मिली मंजूरी, 1 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि होगी सिंचित – छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 14 नई सिंचाई परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर लगभग एक लाख हेक्टेयर अतिरिक्त कृषि भूमि सिंचाई के दायरे में आएगी। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ सिंचाई परियोजना बोर्ड की 33वीं बैठक में लिया गया।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

बैठक में राज्य की सिंचाई क्षमता बढ़ाने, भूजल स्तर सुधारने और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और कृषि उत्पादन में तेजी लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई नेटवर्क का विस्तार तेजी से किया जा रहा है ताकि वर्षा पर निर्भरता कम हो और खेती अधिक उत्पादक बन सके।

ग्राउंडवाटर रिचार्ज को मिलेगा बढ़ावा

साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं के तकनीकी खाके, लागत और संभावित लाभों पर तेजी से काम किया जाए। नई परियोजनाएं न केवल सिंचाई में मदद करेंगी, बल्कि ग्राउंडवाटर रिचार्ज को भी बढ़ावा देंगी, जिससे पेयजल आपूर्ति की समस्या कम होगी।

मंजूर हुई प्रमुख परियोजनाएं

स्वीकृत परियोजनाओं में बस्तर जिले के देउरगांव और मटनार बैराज-कम-लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं, रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक में महनदी पर मोहमेड़ा-सिरपुर बैराज, बिलासपुर जिले में छपरीटोला फीडर जलाशय परियोजना और खरंग-अहिरन लिंक परियोजना, तथा जशपुर में बगिया बैराज-कम-प्रेशराइज्ड लिफ्ट परियोजना और सामोदा बैराज से कुम्हारी जलाशय तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शामिल हैं।

बैठक में ये लोग मौजूद रहे

उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे। अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं से न केवल सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

साथ ही, मुख्यमंत्री साय ने बिहार चुनाव के परिणाम को लोकतंत्र और सुशासन की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 200 से अधिक सीटों के साथ जनता का भरोसा कायम किया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements