राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

भारत में होगा वर्ल्ड डेयरी समिट 2027 का आयोजन, एनडीडीबी और आईडीएफ के बीच समझौता

15 फरवरी 2026, नई दिल्ली: भारत में होगा वर्ल्ड डेयरी समिट 2027 का आयोजन, एनडीडीबी और आईडीएफ के बीच समझौता – भारत ने वैश्विक डेयरी क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति को और सुदृढ़ करते हुए वर्ष 2027 में होने वाले आईडीएफ वर्ल्ड डेयरी समिट (World Dairy Summit) की मेजबानी का अधिकार प्राप्त किया है। इस संबंध में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) और इंटरनेशनल डेयरी फेडरेशन (आईडीएफ) के बीच नई दिल्ली में औपचारिक समझौते का आदान-प्रदान किया गया।

यह समझौता एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनश शाह और आईडीएफ की महानिदेशक सुश्री लॉरेंस रिकेन के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम इंडियन डेयरी एसोसिएशन के 52वें डेयरी उद्योग सम्मेलन के दौरान आयोजित किया गया।

मुंबई में 16 से 19 नवंबर 2027 तक होगा आयोजन

आईडीएफ वर्ल्ड डेयरी समिट 2027 का आयोजन 16 से 19 नवंबर 2027 के बीच मुंबई स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस वैश्विक सम्मेलन का आयोजन आईडीएफ की भारतीय राष्ट्रीय समिति (INC-IDF) द्वारा किया जाएगा।

सम्मेलन में दुनिया भर से 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है, जो अंतरराष्ट्रीय डेयरी बाजार के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसमें नीति-निर्माता, डेयरी किसान, सहकारी संस्थाएं, डेयरी प्रोसेसर, वैज्ञानिक, वित्तीय संस्थान, स्टार्ट-अप और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे।

वैश्विक डेयरी क्षेत्र के लिए रणनीतिक मंच

समिट के दौरान आईडीएफ बोर्ड, जनरल असेंबली तथा विभिन्न तकनीकी समितियों की बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में वैश्विक डेयरी उत्पादन की स्थिति, तकनीकी नवाचार, गुणवत्ता मानक, स्थिरता, पोषण तथा नीति संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आईडीएफ वर्ल्ड डेयरी समिट डेयरी क्षेत्र का प्रमुख वार्षिक आयोजन माना जाता है, जो दुनिया भर के हितधारकों को साझा रणनीति बनाने और ज्ञान आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करता है।

2024 में पेरिस में हुआ था भारत के पक्ष में निर्णय

14 अक्टूबर 2024 को पेरिस में आयोजित आईडीएफ की 118वीं जनरल असेंबली में सदस्य देशों ने मतदान के माध्यम से वर्ष 2027 के लिए भारत को मेजबानी सौंपने का निर्णय लिया था। इससे पहले भारत ने वर्ष 2022 में दिल्ली-एनसीआर में इस समिट की सफल मेजबानी की थी।

1903 से वैश्विक डेयरी समुदाय को जोड़ रहा है आईडीएफ

इंटरनेशनल डेयरी फेडरेशन की स्थापना 1903 में हुई थी। यह एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन है, जिसमें लगभग 40 सदस्य देश शामिल हैं। आईडीएफ का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर डेयरी क्षेत्र में वैज्ञानिक सहयोग, मानकीकरण, नीति संवाद और सतत विकास को बढ़ावा देना है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements