राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

Weather Update: 20 मार्च तक देशभर में बदलेगा मौसम, कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

18 मार्च 2026, नई दिल्ली: Weather Update: 20 मार्च तक देशभर में बदलेगा मौसम, कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 20 मार्च तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत में असर

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 मार्च को, जबकि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 मार्च को मौसम अधिक सक्रिय रहेगा।

इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं 19 और 20 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है।

मध्य और पूर्वी भारत में अलर्ट

मध्य और पूर्वी भारत में 22 मार्च तक गरज-चमक के साथ तूफानी गतिविधियां बनी रह सकती हैं। छत्तीसगढ़, विदर्भ, पूर्वी मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग दिनों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

विशेष रूप से 19-21 मार्च के दौरान ओडिशा और 20 मार्च के आसपास पश्चिमी मध्यप्रदेश व झारखंड में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है।

दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बदलाव

दक्षिण भारत के कई हिस्सों जैसे तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और गुजरात में भी 18 से 20 मार्च के बीच तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मध्य भारत में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में भी 5-7 डिग्री तक की कमी संभव है।

हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल अगले एक सप्ताह तक किसी भी क्षेत्र में हीटवेव (लू) की स्थिति बनने की संभावना नहीं है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में 18 से 20 मार्च के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 20-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

19 और 20 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना बना रहेगा।

मौसम सिस्टम का असर

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मध्य भारत, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी बना हुआ है, जो मौसम में इस बड़े बदलाव का मुख्य कारण है। इन सभी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से देश के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्तर पर मौसम गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements